जबरदस्त भिड़ंत से कार अौर अॉटो की उड़े परखच्चे, 1 की मौत व 13 घायल(video)

5/5/2018 8:23:06 PM

सोनीपत(पवन राठी): श्याम पश्चिमी यमुना लिंक नहर पर गांव किलोहड़द व चिटाना के बीच तेज रफ्तार कार व अॉटो की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में कार व अॉटो सवार 13 लोग घायल हो गए। घायलों में 5 को गंभीर हालत के चलते पी.जी.आई. रोहतक व 8 को महिला मेडीकल कॉलेज अस्पताल खानपुर रैफर किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। घायलों में 10 साल का बच्चा भी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार चिटाना के पास गत शाम सामने से आ रही एक कार ने अॉटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। जिससेे कई सवारी अॉटो में ही फंस गई। मामले की सूचना के बाद सदर थाना प्रभारी दलबीर सिंह दांगी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को पुलिस ने राहगीरों की मदद से निकालकर इलाज के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में पहुंचे घायलों में से कार सवार जींद के गांव उरलाना निवासी मोनू पुत्र सुरेश (31) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके गांव का मोनू पुत्र रमेश, यू.पी. के मुजरफ्फर नगर निवासी रामदेव, संजीत व सुनील तथा मैजिक सवार जुआं निवासी जिले सिंह को पी.जी.आई. रोहतक रैफर कर दिया। जिले सिंह अॉटो का चालक था। वहीं अॉटो सवार गांव जुआं निवासी जगबीर, पवन, मेनका, अंकुर, सोनिया, केला, आशु व मुडलाना निवासी गुरमीत को खानपुर मेडीकल कॉलेज अस्पताल में ले जाकर भर्ती करवाया गया है। 

सदन थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक शख्स मोनू कार चालक है और अपने साथियों के साथ पानीपत से एक शादी समारोह से लौट रहा था और शराब पीए हुए था।
 

Rakhi Yadav