अशोक तंवर की पत्नी को जान से मारने की धमकी, हथियारों से लैस लोगों ने कोठी में किया हंगामा(video)

1/27/2018 3:13:56 PM

सिरसा(सतनाम सिंह): कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर की पत्नी अवंतिका तंवर को जान से मारने की धमकी मिली। पुलिस ने अवंतिका की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने एक कार्यक्रम में नहीं पहुंचने पर कार्यक्रम के आयोजकों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगया। 

घटना के समय घर में नहीं थे अशोक अौर अवंतिका तंवर
अवंतिका ने बताया कि कुछ लोग हथियारों से लैस उनकी कोठी में घुस आए अौर उनको जान से मारने की धमकी दी। हालांकि वो अौर उनके पति अशोक तंवर घर पर नहीं थे, नहीं तो उनकी जान को खतरा हो सकता था।

हथियारों से लैस लोगों ने दी जान से मारने की धमकी
सिरसा के शहर थाना में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस को शिकायत अवंतिका की कोठी में रहने वाले नौकर की अोर से दी गई है। शिकायत में कहा गया है कि 16 जनवरी को दोपहर बाद डॉक्टर डीके मेघवाल व कुछ अन्य लोग जबरदस्ती कोठी में घुस आए। उनके पास बंदूक भी थी। उस समय कोठी में अशोक तंवर व अवंतिका तंवर मौजूद नहीं थीं। कोठी में घुसे लोगों ने हंगामा मचाया और अवंतिका तंवर को जान से मारने की धमकी दी। 

कार्यक्रम में शामिल न होने पर दी धमकी
बताया जा रहा है कि 14 जनवरी को अवंतिका तंवर को डॉ. डीके मेघवाल ने अपने अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में बुलाया था। इसमें वह शामिल नहीं हुईं। इससे गुस्‍साए डॉ. मेघवाल और अन्‍य लोगों ने हंगामा किया और अवंतिका को जान से मारने की धमकी दी।