जजपा विधायक देवेंद्र बबली बोले- जल्द किसानों और केंद्र सरकार में होगी सहमति

8/25/2021 8:33:49 PM

सिरसा (सतनाम): टोहाना के जजपा विधायक देवेंद्र बबली ने किसान आंदोलन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही किसानों और केंद्र सरकार के बीच सहमति होगी। बातचीत के जरिए ही मामला सुलझेगा। उन्होंने किसानों को नसीहत भी दी है कि वह राजनीति छोड़कर बातचीत के लिए कमेटी का गठन करें। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में ही कुछ लोग राजनीति कर रहे है। किसानों के नाम पर राजनीति गलत है।  

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जल्द इस मामले को सुलझाना चाहती है, किसान राजनीति छोड़कर केंद्र सरकार से बातचीत के लिए आगे आएं। विधायक बबली आज सिरसा में जजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद मीडिया से रूबरू हुए। बबली ने कहा कि सीएम मनोहर लाल और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला किसानों की समस्या का समाधान चाहते हैं। केंद्र सरकार कृषि कानूनों में संशोधन करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि अब किसान आंदोलन किसी और रास्ते पर चला गया है। किसान आंदोलन में ही कुछ लोग राजनीति कर रहे है। किसानों के नाम पर राजनीति गलत है। हम लोगों ने किसान परिवारों में जन्म लिया है। हमारी भावनाएं किसानों के साथ है। दिल्ली सहित अनेक बॉर्डर पर बैठे किसान आंदोलन छोड़ अपने खेतों में लौट जाए। उन्होंने कहा कि किसान नेता किसानों को मोहरा न बनाए।

इस दौरान विधायक बबली ने टोहाना हलके में विकास नहीं होने का मुद्दा एक बार फिर से उठा दिया, हालांकि इस बार बबली सरकार पर सीधे हमले करने से बचते नजर आए। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 2 साल से कोरोना महामारी चल रही है इसलिए वे और सरकार टोहाना हलके में विकास नहीं करवा सकी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सीएम मनोहर लाल जल्द हरियाणा का विकास करेंगे। सरकार की विकास करवाने में नियत बिल्कुल ठीक है। हरियाणा में कोरोना की तीसरी लहर नहीं आई तो जल्द प्रदेश में विकास कार्य करवाएंगे।

इसके साथ विधायक बबली ने इनेलो और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इनेलो में अब कुछ नहीं बचा है। अभय चौटाला एक मात्र विधायक था, लेकिन अब अभय चौटाला विधायक भी नहीं है। कांग्रेस में विभीषणों की कोई कमी नहीं है। कांग्रेस की लंका ढहने से कैसे बचेगी। 
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

Content Writer

vinod kumar