''आप'' नेता अशोक तंवर के बिगड़े बोल, भाजपा नेताओं को लेकर की विवादित टिप्पणी

6/17/2022 8:17:13 PM

गोहाना(सुनील): आप पार्टी नेता व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने बीजेपी नेताओं को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद हरियाणा में बीजेपी नेता कहते हैं कि पंजाब व हरियाणा की राजनीतिक परिस्थितियां अलग है। भाजपा नेताओं का कहना है कि काठ की हांडी बार बार नहीं चढ़ती है। इसके जवाब में तंवर ने कहा कि काठ की हांडी कहां है ? दिल्ली में तीन बार आप पार्टी की सरकार बनी है। पंजाब में इनके फूफा ने सरकार बनाई। अब हरियाणा में इनके बटेयू (दामाद) सरकार बनाएंगे।

अग्निपथ को लेकर भी साधा सरकार पर निशाना

अग्निपथ को लेकर भी तंवर ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं को अग्नि पर चलाने के लिए सरकार अग्निपथ स्कीम लेकर आई है। यह सेना के साथ खिलवाड़ करने वाली स्कीम है। देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाली स्कीम है। अग्निपथ अनुचित है, सरकार को इस बारे में पुनर्विचार करना चाहिए। सरकार को शांति बहाल करनी चाहिए। सेना में जिन बच्चों का चयन हो चुका है, उनकी भर्ती सरकार ने रद्द कर दी। दो साल से भर्ती नहीं की। दो करोड़ रोजगार देने का वादा करके गठबंधन सरकार लोगों का रोजगार छीनने का काम कर रही है।

कांग्रेस को बताया बीजेपी की सहायक टीम

इसी के साथ निकाय चुनाव में सिंबल पर ना लड़ने को लेकर तंवर ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। तंवर ने कहा कि  कांग्रेस अब प्रत्याशी ढूंढ-ढूंढ कर उनका तिलक करे ताकि जीतने पर कह सके कि यह हमारा उम्मीदवार है। मैं कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष रह चुका हूं। मैं भली भांति जानता हूं कि कांग्रेस हमेशा से बीजेपी को जीतने में मदद करती है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Vivek Rai