आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद के बिगड़े बोल, परशुराम जयंती नहीं मनाने के लिए सरकार को ठहराया जिम्मेदार

5/11/2023 5:43:41 PM

सोनीपत (सन्नी मलिक) : आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद वीरवार को शहर के विश्रामगृह पहुंचे। नवीन जयहिंद 21 मई को पहरावर रोहतक में मनाई जा रही परशुराम जयंती का निमंत्रण देने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद के बोल बिगड़ गए और उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री को कंस मामा कह दिया। जयहिंद ने कहा कि कंस मामा ने इससे पहले परशुराम जयंती को नहीं मनाने दिया था और कोर्ट का सहारा ले लिया था। अगर इस बार भी नहीं मनाने देंगे तो 21 बार प्रयास किया जाएगा। वहीं पहलवानों के धरने पर बोलते हुए कहा कि पहलवान न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं और बृजभूषण शरण और पहलवानों का नार्को टेस्ट करवाना चाहिए।

बता दें कि रोहतक के पहरावर में 21 मई को परशुराम जयंती मनाई जा रही है। जिसका निमंत्रण देने के लिए आज आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद सोनीपत पहुंचे थे। एक बार फिर नवीन जयहिंद के बोल बिगड़ गए और प्रदेश के मुख्यमंत्री को कंस मामा कह दिया। जय हिंद ने कहा कि इससे पहले वह जब परशुराम जयंती मना रहे थे तो कंस मामा ने कोर्ट का सहारा लेकर जयंती मनाने से रोक दिया था। वहीं इस बार वह पूरी तैयारी के साथ और धूमधाम से परशुराम जयंती मनाएंगे। परशुराम जयंती मनाने के लिए उन्होंने दो हेलीकॉप्टरों की परमिशन मांगी है।

इसी के साथ ही रोहतक से सांसद अरविंद शर्मा पर बगैर नाम लिए निशाना साधा और कहा कि जब बात परशुराम की आई थी तो उस समय कुछ नेताओं की जुबान पर लकवा मार गया था और अगर इस जयंती में वह हिस्सा लेने के लिए पहुंचते हैं तो समाज उनका बहिष्कार कर देगा। वहीं मुख्यमंत्री पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि मुख्यमंत्री ढिंढोरा पीट रहे हैं कि उन्होंने जमीन दी है, लेकिन फरसे और भाईचारे के दम पर पहरावर की जमीन को सरकार के हाथ तोड़ कर लिया गया है और उसी के दम पर हम 21 मई को परशुराम जयंती मना रहे हैं।

नवीन जयहिंद ने सरकार पर जमकर हमला बोला है और कहा कि अगर इस बार भी परशुराम जयंती मनाने से सरकार रोकती है तो वह 21 बार प्रयास करेंगे। क्योंकि भगवान परशुराम ने पूरी पृथ्वी को 21 बार जीत कर दान कर दिया था, तो हम 21 बार ही परशुराम जयंती मनाने का प्रयास करेंगे।

वहीं जंतर-मंतर पर चल रहे पहलवानों के धरने पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह बड़ी दुर्भाग्य की बात है कि जो देश के लिए मेडल जीतकर लाए और तिरंगे का नाम रोशन किया। वह आज न्याय की लड़ाई के लिए धरने पर बैठे हैं। वहीं सरकार को पहलवानों के साथ न्याय करने की जरूरत है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एफआईआर दर्ज हो चुकी है। बृजभूषण शरण को गिरफ्तार करना चाहिए। वहीं बृजभूषण शरण और पहलवानों का नार्को टेस्ट करवाना चाहिए। लेकिन सरकार बृजभूषण शरण को बचाने का प्रयास कर रही है क्योंकि हरियाणा के खेल मंत्री भी नार्को टेस्ट से बचते हुए नजर आए थे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Editor

Mohammad Kumail