बरसात से टूटा अंग्रेजी हकूमत में बना पुल, दर्जनों गांवों से टूटा संपर्क

9/23/2017 4:20:10 PM

फरीदाबाद(देवेंद्र कौशिक): दो दिन से रुक-रुक कर हो रही बरसात के चलते फरीदाबाद के बाईपास रोड पर बड़ौली पुल टूट गया। उल्लेखनीय है कि यह पुल अंग्रेजी शासनकाल में बनाया गया था। जिसके टूटने से दर्जनों गांवों का आपस में संपर्क टूट गया अौर लोगों का आवागमन बंद हो गया। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पुल पर आवागमन पर रोक लगा दी है और इसकी जानकारी बड़े अधिकारियों को दे दी गई है।

इस पुल की हालत पहले से ही जर्जर थी। जिसके चलते गांव के लोग काफी समय से इसे बनाने की मांग कर रहे थे। इस पुल से दर्जनों गांव के लोगों का आवागमन रहता है लेकिन अब इस पुल के टूटने से दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन टूट गया है। आगरा नहर पर बने पुल के टूटने की सूचना के बाद बल्लभगढ़ के एसडीएम प्रताप सिंह ने पुल का दौरा कर जानकारी ली। मौके पर ही नहर विभाग के अधिकारियों को जल्द पुल की मरम्मत करने के आदेश दिए हैं। पुल की हालत बहुत ज्यादा खराब हो चुकी है। नहर उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग के तहत आती है। उनसे इसकी मरम्मत के लिए कहा गया है।