वर्ल्ड चैंपियनशिप में बजरंग पुनिया ने जीता सिल्वर, बढ़ाया देश का मान

10/23/2018 12:42:17 PM

सोनीपत (पवन राठी): वर्ल्ड चैम्पियनशप में स्टार पहलवान बजरंग पुनिया ने दम दिखाया।

बुडापेस्ट में चल रही इस प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर उन्होंने देश का मान बढ़ाया है। पुनिया लगातार अपने शानदार प्रदर्शन से वर्ल्ड रेसलिंग में अपना दबदबा बढ़ा रहे है।

राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भारत के बजरंग पुनिया सीनियर विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप के 65 कि.ग्रा. फ्री स्टाइल वर्ग के फाइनल में स्वर्णिम इतिहास बनाने से चूक गए। बजरंग को सोमवार को फाइनल में जापान के ताकुतो ओतोगुरो ने 16-9 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया और बजरंग को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत के सुमित 125 कि.ग्रा. वर्ग में कांस्य पदक के मुकाबले में हारकर पदक से दूर रह गए।


बजरंग से उम्मीद थी कि वह विश्व चैम्पियनशिप के इतिहास में भारत को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाएंगे, लेकिन मुकाबले में जबरदस्त संघर्ष करने के बावजूद वह स्वर्ण पदक से दूर रह गए, लेकिन रजत पदक जीतकर विश्व चैम्पियनशिप में उन्होंने अपना दूसरा पदक हासिल किया। उन्होंने 2013 में कांस्य पदक जीता था।

Rakhi Yadav