एशियन चैंपियनशिप में हरियाणा की धाक, झज्जर के छोरे ने भारत को दिलाया पहला गोल्ड मेडल

5/14/2017 2:48:22 PM

दिल्ली:हरियाणा के झज्जर के रहने वाले बजरंग ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए सीनियर एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता के चौथे दिन शनिवार को भारत को पहला स्वर्ण पदक दिला दिया। जबकि सरिता ने महिला वर्ग में रजत पदक जीता। बजरंग 65 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही भारतीय कुश्ती के नए गोल्डन ब्वाय बन गए। बजरंग ने इस प्रतियोगिता में भारत का स्वर्ण पदक का इंतजार चौथे दिन जाकर समाप्त किया। उन्होंने फाइनल में कोरिया के स्युंग चुल ली को जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए 6-2 से पराजित किया। 

बजरंग के स्वर्ण जीतते ही पूरा केडी जाधव कुश्ती स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। भारत को महिला वर्ग में कल तीसरे दिन तीन पहलवानों साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और दिव्या काकरान ने रजत पदक दिलाए थे और आज चौथे दिन सरिता ने 58 किग्रा वर्ग के फाइनल में हारकर रजत पदक हासिल किया। स्वर्ण के इंतजार में लगे भारतीय खेमे को आखिरी बजरंग ने खुशी प्रदान की। 

भारत ने प्रतियोगिता में अब आठ पदक हासिल कर लिए हैं जिसमें एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक शामिल है। पुरुष फ्रीस्टाइल में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक है। बजरंग का यह स्वर्ण सीनियर एशियाई कुश्ती के इतिहरास में भारत का ओवर आल 11वां स्वर्ण पदक है।

बजरंग पुनिया के गोल्‍ड मेडल जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर उन्‍हें बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ''एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के लिए बजरंग पूनिया को बधाई। भारत को उनकी इस बेहतरीन उपलब्धि पर बेहद गर्व है''।