देह व्यापार के धंधे में फंसी बांग्लादेशी युवती, वतन लौटने की लगाई गुहार (VIDEO)

5/8/2019 1:50:32 PM

पानीपत (अनिल कुमार): बांग्लादेश की एक युवती को शादी का झांसा देकर देह व्यापार में धकेल दिया गया। लड़की दिल्ली से लेकर पानीपत तक दर्जनों लोगों को बेची गई, 2 महीने के अंदर दर्जनों लोगों ने उसकी आबरू के साथ खिलवाड़ किया। आखिर में युवती जिस्म के सौदागरों से बचकर पुलिस तक पहुंच गई। युवती ने पुलिस को आपबीती बता कर वापस उसे बांग्लादेश भेजने की गुहार लगाई है।

दरअसल, बांग्लादेश की रहने वाली इस पीड़ित लड़की को फरवरी महीने में सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली के संदीप नाम के युवक से प्यार हुआ, लेकिन इस लड़की को नहीं पता था कि सोशल मीडिया पर हुआ यह प्यार जिस्मफरोशी के धंधे में पहुंचा देगा। संदीप ने युवती को शादी का झांसा देकर दिल्ली बुलाया। उसके बाद संदीप ने अपना असली रूप दिखाना शुरू कर दिया। पहले खुद संदीप ने लड़की के साथ 3 दिन तक दुष्कर्म किया। उसके बाद संदीप ने मात्र 6000 में युवती को मानव तस्करों के हाथों बेच दिया। 

उसके बाद मानव तस्करों ने दिल्ली समेत अन्य राज्यों में युवती को बेचा, जिससे दर्जनों लोगों ने इसकी आबरू से खिलवाड़ किया। युवती अपने साथ हो रहे इस गंदे धंधे को सहते हुए पानीपत पहुंची। यहां भी युवती से देह व्यपार करवाया गया, लेकिन एक दिन लड़की ने वॉशरूम जाने के बहाने निकली और छत के रास्ते पड़ोसियों के घर में पहुंच कर आपबीती सुनाई।

वहीं लड़की की आपबीती सुनने के बाद पड़ोसियों ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को सुरक्षित छुड़वाया। वहीं पानीपत में युवती से देह व्यापार करवा रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल, पानीपत पुलिस मानव तस्करी से जुड़े इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। वहीं पीड़ित युवती वापिस अपने वतन लौटना चाहती है।

Shivam