देवीलाल ने कांग्रेस का किया विरोध और उनके वंशज समझौता करने में जुटे : बराला

4/19/2019 10:23:44 AM

हिसार (योगेंद्र): प्रदेश के महानायक चौधरी देवीलाल ने हमेशा ही कांग्रेस की नीतियों का विरोध करते हुए अपनी पूरी जिंदगी खपा दी। वहीं आज उनके नाम से वोट मांगने वाले उनके वंशज कांग्रेस से समझौता करने की बात कर रहे हैं। दिल्ली सीएम कांग्रेस के खिलाफ भ्रष्टाचार की लड़ाई लड़ते हुए अन्ना हजारे के आंदोलन के कंधों पर सवार होकर वहां के मुखिया तो बन गए लेकिन आज उसी कांग्रेस से समझौता करने के लिए उनके चरणों में झुके हुए हैं।

यह बात भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने सुशीला भवन में आदमपुर हलके के पन्ना प्रमुखों की मीटिंग में कही। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता नवीन जयहिंद बार-बार यह बात दोहरा रहे हैं कि यदि प्रदेश में सभी विपक्षी  पार्टियों का गठबंधन नहीं हुआ तो भाजपा प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटें जीत जाएगी। जेजेपी नेता भी इस बात को दोहरा रहे हैं कि प्रदेश में कांग्रेस के साथ गठबंधन जरूरी है यदि ऐसा नहीं हुआ तो विपक्षी पार्टियों का एक भी सांसद नहीं बनेगा। इससे साफ है कि भाजपा क्लीन स्वीप करने जा रही है और इसी के चलते विरोधियों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि 1952 में जनसंघ के रूप में 11 सदस्यों से पार्टी शुरू होकर आज 11 करोड़ सदस्यों वाली विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है।

उन्होंने पन्ना प्रमुखों को कहा कि सभी को केवल 15-15 घरों में दस्तक देनी है और भाजपा के लिए वोट करवाने हैं। इसके लिए केंद्र की योजनाओं की जानकारी लोगों को दो और बताओं कि किस प्रकार हमने जो कहा वह कर दिखाया। इस अवसर पर  विधायक एवं चेयरमैन डा. कमल गुप्ता, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पुनिया, राज्यसभा सदस्य डा. डीपी वत्स सहित कई भाजपाई नेता मौजूद थे। 

Shivam