विपक्षी पार्टियां जानबूझ कर बिगाड़ रही सुभाष बराला की राजनीतिक छवि: राजीव जैन

8/6/2017 5:28:15 PM

सोनीपत(पवन राठी):चंडीगढ़ में बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला द्वारा युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। राजनीतिक पार्टिया लगातार सुभाष बराला पर इस्तीफा देने का दबाव बनाए हुए हैं। आज सोनीपत में बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और मीडिया में पूरे मामले में सफाई दी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में राजनीतिक दबाव की खबरे निराधार हैं।विपक्षी दलों की राजनीतिक दबाव की बात आधारहीन एवं तथ्यहीन है। पुलिस पर कोई भी दबाव नहीं बनाया जा रहा है। कानून अपना काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि शुक्रवार रात को घटनाक्रम में लड़की ने अपने आई.ए.एस. पिता की मौजूदगी में जो बयान लिखवाया, पुलिस द्वारा उसके अनुसार मुकद्दमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए विकास व आशीष को गिरफ्तार कर कानून अनुसार जमानत दे दी थी। पुलिस ने विकास व आशीष को जांच के लिए दोबारा डी.एस.पी. ईस्ट सतीश कुमार के कार्यालय में बुलाया। दोनों ही डी.एस.पी. कार्यालय चले गए। इसके बाद पुलिस ने लड़की को बुलाकर अदालत में धारा 164 के बयान कलमबद्ध करवाए व दोनों बयान अनुसार पुलिस ने मुकद्दमे में धारा 341 और जोड़ दी तथा कानून अनुसार कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि उपरोक्त घटनाक्रम में किसी प्रकार का राजनीतिक दबाव इस्तेमाल नहीं हुआ है। 

भाजपा नेता राजीव जैन ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला स्वयं साफ कर चुके हैं कि वह कानून का सम्मान करते हैं। खुद लड़की व उसके आई.ए.एस. पिता ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि पुलिस ने अपना काम साफगोई व तत्परता से किया है।