चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामला: जमानत के लिए बराला ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा

11/25/2017 12:20:03 PM

चंडीगढ़(बृजेन्द्र):हरियाणा के आई.ए.एस. अफसर की बेटी का पीछा करने व किडनैपिंग के प्रयास के मामले में हरियाणा बी.जे.पी. स्टेट प्रैजीडैंट सुभाष बराला के बेटे विकास बराला(23) ने नियमित जमानत पाने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। वह पिछले 108 दिनों से सलाखों के पीछे है। उनकी 4 बार जमानत याचिका चंडीगढ़ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट से खारिज हो चुकी है। बीते 13 नवम्बर को ही बराला की जमानत याचिका अंतिम बार खारिज हुई थी। हाईकोर्ट में इस याचिका पर 29 नवम्बर को सुनवाई हो सकती है। आई.ए.एस. की बेटी के साथ 4 अगस्त देर रात को यह घटना घटी थी। 

अगले दिन सैक्टर-26 थाना पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों पर हल्की धाराएं लगा थाने से ही जमानत दे दी थी। मामले के तूल पकडऩे पर दोनों आरोपियों पर किडनैपिंग के प्रयास की धारा लगा 9 अगस्त को गिरफ्तारी की गई थी। आरोपियों में लॉ स्टूडैंट सैक्टर-7 निवासी विकास बराला एवं लॉ ग्रैजुएट भिवानी के आशीष शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपी घटना के वक्त नशे में थे और उन्होंने गाड़ी में सवार आई.ए.एस. की बेटी का चंडीगढ़ की सड़कों पर कुछ किलोमीटर तक पीछा किया। घटना के दौरान शिकायतकर्ता लड़की कार में पंचकूला अपने घर जा रही थी। बीते 13 अक्तूबर को दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण के प्रयास, रास्ता रोकने व पीछा करने की धाराओं में आरोप तय किए गए थे।