तीन कृषि कानूनों के खिलाफ बरोदा के मतदाताओं ने दिया अपना निर्णय: अभय चौटाला

11/11/2020 3:29:32 PM

सिरसा(सतनाम): इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव व ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बरोदा सोनीपत की जनता ने जिस प्रकार इनेलो को पहले की अपेक्षा अधिक वोट देकर पार्टी की हौंसला अफजाई की है, उसके लिए वे दीपावली के बाद पार्टी की ओर से बरोदा के मतदाताओं का आभार व्यक्त करने बरोदा जाएंगे। अभय चौटाला तेजाखेड़ा फार्म पर पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि बरोदा उपचुनाव में मतदाताओं ने भाजपा को हराकर कांग्रेस को विजय बनाया। भाजपा ने तीन कृषि कानूनों से किसानों के हित पर कुठाराघात किया है। ऐसे में कहा जा सकता है कि मतदाताओं ने जिस प्रकार भाजपा ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ अपना निर्णय दिया। 

अभय चौटाला ने कहा की मुख्यमंत्री के उस दावे की भी हवा निकाल दी जिसमें वे प्रदेश में समान रूप से विकास का दावा करते थे। इनेलो नेता ने कहा कि कृषि कानूनों को लेकर कांग्रेस भी जनता की झूठी वाहवाही बटोरने का काम कर रही है जबकि वास्तविकता यह है कि इस बिल के ड्राफ्ट कांग्रेस शासनकाल में ही तैयार किए गए थे। केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए तीनों कृषि बिलों को लेकर कांग्रेस ने न तो सडक़ पर ही कोई आंदोलन किया और न ही विधानसभा में सरकार को घेरा बल्कि पीठ दिखाकर सदन से भागने का काम किया। 

उन्होंने कहा कि इनेलो चौधरी देवीलाल द्वारा स्थापित की गई पार्टी जो सदैव किसानों के हित के लिए संघर्षरत रही है और भविष्य में भी सडक़ से सदन तक संघर्षरत रहेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बरोदा उपचुनाव के परिणामों से साबित हो गया है कि प्रदेश में भाजपा का ग्राफ गिरा है और लोगों ने प्रदेश की गठबंधन सरकार को नकारा है। इनेलो नेता ने कहा कि दीपावली के बाद इनेलो की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में हार के कारणों पर मंथन किया जाएगा और बड़ेपैमाने पर संगठन में बदलाव किया जाएगा। उसके बाद पूरे हरियाणा में व्यापक अभियान चलाकर दौरे किए जाएंगे और लोगों से संपर्क साधा जाएगा।

Isha