‘सैशन जज’ के अंतिम संस्कार में छावनी बना बड़ागांव

7/11/2018 9:52:16 AM

नारायणगढ़(धर्मवीर): 9 जुलाई को कातिलाने हमले में मारे गए जे.बी.टी. अध्यापक सैशन जज की मौत से जहां पूरा नारायणगढ़ स्तब्ध एवं खौफ के साए में है, वहीं, आज सुबह हुए सैशन जज के अंतिम संस्कार में पूरा बड़ागांव पुलिस छावनी में तबदील होता नजर आया। अंतिम संस्कार में तमाम प्रशासन, नारायणगढ़ एवं आसपास के हजारों लोग एवं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं एक व्यक्ति द्वारा सोशल फेसबुक पर डाली गई पोस्ट से प्रशासन की नींद हराम हो गई है। मामले में संदिग्ध भूमिका के चलते एस.एच.ओ. सुरेश पाल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। 

9 जुलाई की सुबह साढ़े 8 बजे जे.बी.टी. अध्यापक सैशन जज की अज्ञात हत्यारों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद परिजनों ने पुलिस प्रशासन के ढूलमूल रवैये से आहत होकर शव को अग्रसेन चौकपर रखकर जाम लगा दिया था। पूर्व संसदीय सचिव रामकिशन गुज्जर के आने के बाद एस.पी. अम्बाला अभिषेक जोरवाल द्वारा 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने एवं साथ ही धारा 120 बी लगाने के बाद एवं आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया। देर शाम मृतक की लाश का पोस्टमार्टम किया गया। 

सुबह 9 बजे हुआ संस्कार
सैशन जज के पार्थिव शरीर का सुबह 9 बजे उसके पैतृक गांव बड़ागांव में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के समय पूरा बड़ागांव पुलिस छावनी के रूप में नजर आ रहा था। प्रशासन के हाथ पांव फूले हुए थे। किसी भी अप्रिय घटना से शहर में आग लगने के खतरे के मददेनजर पुलिस-प्रशासन चारों तरफ मोर्चा संभाले खड़ा था। एस.डी.एम. नारायणगढ़ वीरेंद्र सांगवान एवं डी.एस.पी. अमित भाटिया अंतिम संस्कार के समय तक वहीं डटे रहे। क्षेत्र के हजारों लोग अश्रुपूर्ण आंखों से अपने क्षेत्र के बच्चे अंतिम संस्कार को देखते रहे एवं कोसते रहे उस पुलिस प्रशासन को, जिसके निकम्मेपन के कारण एक ईमानदार, जुझारू एवं दिन-रात लोगों की सेवा में लगा रहने वाला नौजवान सबको छोड़कर दूसरी दुनिया में चला गया। 
 


 

Rakhi Yadav