बसताड़ा टोल पर जबरदस्त झड़प, वाहन चालकों ने तोड़फोड़ कर कर्मियों को खदेड़ा(VIDEO)

6/25/2018 12:09:21 PM

घरौंडा (विवेक राणा): बसताड़ा टोल प्लाजा पर लोकल वाहन चालकों और टोल अधिकारियों के बीच चल रहा टोल युद्ध थमने का नमा नहीं ले रहा। टोल को लेकर टोल सिक्योरिटी व लोकल वाहन चालकों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिससे दोनों पक्षों के 6 लोग घायल हो गए। टोल प्लाजा के बूथों पर भी जमकर तोडफ़ोड़ की गई। डर के कारण बूथ कर्मचारी मौके से फरार हो गए। जिस कारण लगभग एक घंटे तक टोल फ्री चलता रहा। मामले की सूचना मिलते ही डी.एस.पी. राजीव, थाना मनोज कुमार, मधुबन थाना प्रभारी राजकुमार भारी पुलिस बल के साथ टोल पर पहुंचे। पूरा मामला सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस सी.सी.टी.वी. को खंगालकर मामले की जांच करने में जुटी हुई है। लोकल वाहन मालिकों ने टोल सिक्योरिटी पर गुंडागर्दी और बंदूक दिखाकर टोल वसूलने का आरोप लगाया है। 

लगभग 15 दिनों से लोकल वाहनों के टोल वसूलने को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार को सांसद ने स्वयं टोल पर जाकर टोल अधिकारियों को लोकल वाहनों के लिए टोल फ्री करने के निर्देश दिए थे लेकिन टोल अधिकारियों ने उसके आदेशों को अहमियत नहीं दी। जिस कारण सोमवार को ही फिर टोल को लेकर लोकल वाहन चालक व टोल सिक्योरिटी के बीच जमकर मारपीट हुई। गुस्साए वाहन चालकों ने टोल बूथों पर जमकर तोडफ़ोड़ की। तोडफ़ोड़ के बाद टोल पर अफरा-तफरा मच गई और बूथ कर्मचारी बूथों को छोड़कर फरार हो गए। लगभग एक घंटे तक टोल फ्री चलता रहा।
 
जिसके दौरान एक स्कॉर्पियो में भी तोड़फोड़ की गई। जिसमें लाठी डंडे व कारसूत भी बरामद हुए हैं। सूचना मिलने के बाद डी.एस.पी. राजीव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सी.सी.टी.वी. को खंगाला। वाहन चालकों का आरोप है कि टोल के बाऊंसर बंदूक के बल पर टोल वसूलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि रविवार को सांसद ने लोगों से आश्वासन दिया कि जब तक वे केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी से बात नहीं करते तब तक टोल फ्री चलता रहेगा लेकिन टोल अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे है। 
डी.जी.एम. संजय माथुर के मुताबिक लोकल वाहन चालकों का मासिक पास बनवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है लेकिन कुछ लोग लोकल वाहनों की आड़ में बाहरी वाहनों को बगैर टोल टैक्स दिए निकालना चाहते हैं। आज भी एक ट्रक चालक ने बूथ तोड़कर निकला था। जिसके बाद यह पूरा विवाद हुआ। कुछ लोगों ने टोल बूथ पर तोडफ़ोड की। 4-5 लोग घायल हुए हैं। इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है। किसी वाहन को फ्री निकालने का कोई प्रावधान नहीं हैं।   

सांसद का बयान गैर जिम्मेदाराना : डी.जी.एम.
डी.जी.एम. संजय माथुर का कहना है कि रविवार को सांसद ने एक गैर जिम्मेदाराना बयान दिया है जो कि कानून से हटकर है। सरकार की गाइड लाइन उचित है। टोल को लेकर जो सत्ता पक्ष व राजनीतिक दल तथ्यहीन बयानबाजी कर रहे हैं, उससे लोग भड़के हैं। 

पुलिस ने शुरू करवाया टोल
लगभग एक घंटे के बाद डी.एस.पी. राजीव ने सभी बूथों पर पुलिस बल तैनात कर दिया। बाद में पुलिस ने सभी बूथों पर टोल कर्मचारियों को बिठाकर टोल शुरू करवाया। टोल शुरू होने के बाद मामला शांत हुआ। 

पुलिस ने कहा कि बसताड़ा टोल प्लाजा पर झगड़ा होने की सूचना मिली थी। अभी तक किसी पक्ष की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। टोल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस की मौजूदगी में टोल टैक्स दोबारा शुरू किया गया है। 


जानकारी के अनुसार लोकल वाहनों से टोल टैक्स वसूलने को लेकर विवाद हुआ था। स्थानीय लोगों ने सुरक्षाकर्मियों पर गुंडागर्दी अौर बंदूक की नोक पर टोल वसूलने का आरोप लगाया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने काबू की स्कार्पियों से दर्जनों गोलियां बरामद की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात हैं। 

Nisha Bhardwaj