जेल में कैदी की दबंगई, पुलिस कर्मियों को पीटा

7/2/2017 1:01:28 PM

अंबाला(कमलप्रीत सभ्रवाल):अंबाला सैंट्रल जेल में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंदी ने दबंगई दिखाते हुए 2 पुलिस कर्मियों से मारपीट शुरू कर दी। बंदी का दुस्साहस देखकर अन्य सुरक्षाकर्मी भी सकते में आ गए। सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर बंदी को बैरक में बंद करने के बाद पूरे मामले की जानकारी जेल अधीक्षक को दी, साथ ही घायल पुलिस मुलाजिमों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। बलदेव नगर पुलिस ने आरोपी बंदी के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई आरंभ कर दी है। 

जानकारी के अनुसार कांस्टेबल राजेंद्र व गुरमेज शनिवार सुबह करीब 10 बजे बैरक नम्बर-32 में रूटिन चैकिंग पर गए थे। इसी दौरान विवेक नाम के बंदी ने उन पर पानी की टोंटी से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। बंदी द्वारा किए गए इस हमले में एक पुलिस मुलाजिम को चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। बंदी विवेक हिसार का रहने वाला है तथा रेप के मामले में भी नामजद है। करीब 2 सप्ताह पहले भी विवेक की पुलिस मुलाजिमों से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद विवेक का मैडीकल करवाने के लिए उसे शहर के सिविल अस्पताल में लाया गया था।