हरियाणा की बेटी ने रचा इतिहास, माउंट एल्ब्रुस से स्कीइंग कर नीचे उतरने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी(V

9/15/2018 4:20:27 PM

नरवाना (गुलशन चावला): साउथ अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी को फतह करने के बाद विकास राणा ने यूरोपीय महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस को भी फ़तह कर एक नया इतिहास रच डाला। जींद जिले के सुदकैन खुर्द की इस बेटी ने वो कारनामा कर दिखाया, जो आज तक किसी ने नहीं किया। माउंट एल्ब्रुस को फतह करने के बाद विकास स्कीइंग करते हुए नीचे आईं और ऐसा करने वाली वो विश्व की इकलौती खिलाड़ी बन गई हैं। 

स्कीइंग खिलाड़ी विकास राणा के सम्मान के लिए जींद में एक समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में करीब एक दर्ज़न सामाजिक संस्थाओं ने भी भाग लिया। सामाजिक संस्था मेरा स्वर्णिम हिंद की 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' की ब्रांड एम्बेसडर अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग खिलाड़ी राणा ने गांव वालों को सम्मान देने के लिए  धन्यवाद दिया। 

चार सितंबर को एल्ब्रुस पर तिरंगा फहराकर देश का मान बढ़ाने वाली विकास राणा के अभियान की सफलता के लिए सैकड़ों लोग उपवास एवं दुआएं कर रहे थे। उनकी इस सफलता पर ख़ुशी जताते हुए उसके माता-पिता, भाई-बहन और मेरा स्वर्णिम हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष राममेहर सांगवान ने कहा कि इससे जींद ही नहीं, बल्कि पूरे हिन्दुस्तान का सीना गर्व से चौड़ा हुआ है। 

दिल्ली से आईं कोच सुल्ताना ने बताया कि एक गरीब किसान परिवार में जन्मी विकास ने अपने हौसले की बदौलत एक नया इतिहास रच डाला। उन्हें गर्व है कि विकास ने बेटी होने के बाद भी अपने हौसले बुलंद रखे और अपने गांव को दुनिया भर में मशहूर कर दिया। 

विकास की बहन अंजलि राणा ने बताया कि विकास 2018 के नेशनल स्कीइंग गेम गुलबर्ग में सिल्वर मेडल हासिल कर चुकी हैं और जापान में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर की इकलौती ऐसी प्लेयर हैं, जिन्होंने जापान में भारत का प्रतिनिधित्व किया और अब स्कीइंग करते हुए एल्ब्रुस से नीचे आई। वीमेन पावर सोसाइटी की अध्यक्ष मोनिका अरोड़ा ने कहा कि विकास कहती हैं कि हालात कैसे भी हों, हर मुश्किल को बुलंद इरादों से जीता जा सकता है।   

 
 

Rakhi Yadav