विश्राम गृह में शहीदी दिवस मना रहे भाजपाईयों पर मधुमक्खियों ने किया हमला

3/24/2018 9:00:16 AM

हांसी(संदीप सैनी):  हांसी के विश्राम गृह में शुक्रवार को शहीदी दिवस मना रहे भाजपाईयों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दर्जनों लोगों को काट खाया। मधुमक्खियों द्वारा अचानक किए गए हमले के बाद शहीदी दिवस मना रहे भाजपाईयों ने विश्रामगृह की दीवार फांदकर व कमरों में चद्दरों के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। परन्तु इस दौरान कई दर्जन लोगों को मधुमक्खियों ने काट खाया। 

मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले के बाद शहीदी दिवस मना रहे भाजपाई मौके से भाग खड़े हुए। और इधर उधर छिप कर अपनी जान बचाई। इस दौरान भाजपाई नेता वहां मौजूद एक अधरंग के मरीज कार्यकर्ता को मौके पर ही छोड़ भाग गए। किसी भी नेता ने इन्हे बचाने का प्रयास नही किया। मधुमक्खियों के हमले की सूचना मिलने पर मरीज के परिजनों ने चद्दरों का इंतजाम करके उन्हे बचाया और उपचार हेतू नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। 

वहीं भाजपा नेता व पूर्व मंत्री छत्रपाल ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा विश्राम गृह शहीदी दिवस मनाने व कार्यकर्ताओं को सरकार की नितियों के बारे में जानकारी देने के लिए भाजपा ब्लाक कार्यकारिणी की मिटिंग को आयोजन किया गया था। इस दौरान पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते की मक्खियों ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। 

उन्होने बताया कि प्रकृति में सभी प्रकार के जीव रहते है। कार्यक्रम से पूर्व इस बात का ध्यान नही रहा कि उपर मधुमक्खियों का छत्ता भी हैं और वह लोगों पर हमला कर देगी। उन्होने कहा कि इससे पूर्व यहां पर कई बार कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए गए थे। परन्तु आज पहली बार मधुमक्खियों द्वारा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। उन्होने कहा कि भविष्य में इस बात का ध्यान रखा जाएगा।
 

Punjab Kesari