जनाक्रोश रैली से पहले प्रदेश कांग्रेस में ‘होर्डिग्स वार’

4/29/2018 11:10:46 AM

पंचकूला(धरणी): प्रदेश के कांग्रेसी नेताओं में रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली राहुल गांधी की जनाक्रोश रैली को लेकर होॄडग्स व पोस्टर युद्ध चरम सीमा पर नजर आ रहा है। इस ‘होॄडग्स और पोस्टर वार’ में अम्बाला से लेकर सोनीपत तक जी.टी. रोड बैल्ट पर शैलजा, अशोक तंवर तथा रणदीप सुर्जेवाला के समर्थकों द्वारा काफी होडिग्स लगा दिए गए हैं। इस प्रक्रिया में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पिछड़ते नजर आ रहे हैं।

हरियाणा में पिछले पौने 4 साल से पार्टी में गुटबाजी देखने को मिली है। कांग्रेस हाईकमान के प्रयासों के बाद भी गुटबाजी कम होती नहीं दिख रही है। आलम यह है कि राहुल की रैली को भी लेकर भी अब यह गुटबाजी स्पष्ट देखी जा रही है। हर गुट की ओर से रैली में भारी भरकम भीड़ अपने नेता के नेतृत्व में ले जाने के दावे किए जा रहे हैं। 

50 हजार कांग्रेसी करेंगे शिरकत : भंडारी
प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष तरुण भंडारी का कहना है कि राहुल गांधी की रैली को लेकर प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने पूरे हरियाणा का दौरा किया है तथा 50 हजार से अधिक कांग्र्रेेसी इस रैली में शिरकत करेंगे। भंडारी का कहना है कि तंवर के अलावा किसी भी नेता ने हरियाणा के 22 जिलों का दौरा नहीं किया और न ही रैली में पहुंचने की अपील जनता से की है।

सभी विधायक रैली में जुटे : रण सिंह मान
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता व भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के करीबी रण सिंह मान ने दावा किया कि हुड्डा के आदेशानुसार कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट होकर राहुल गांधी की रैली में पहुंचेंगे।

कार्यकर्ताओं की फौज पहुंचेगी दिल्ली : निलय सैनी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता निलय सैनी का कहना है कि सांसद कुमारी शैलजा के आह्वान पर कांग्रेस के कार्यकत्र्ताओं की फौज दिल्ली रामलीला मैदान में नजर आएगी। कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है, हमारे सबके नेता केवल राहुल गांधी ही हैं।

भारी भीड़ पहुंचेगी : सुरजेवाला
राष्ट्रीय कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि राहुल गांधी कांग्रेेस तथा देश की एक महत्वपूर्ण शख्सियत हैं। राहुल गांधी की ताजपोशी पर दिल्ली के 3 तरफ बसे हरियाणा से अपार भीड़ पहुंचेगी। राहुल गांधी जो मार्गदर्शन देंगे उसके अनुसार कांग्रेेस भविष्य में काम करेगी। 

रिकार्ड तोड़ होगी रैली : चन्द्रमोहन
पूर्व उप मुख्यमंत्री चन्द्रमोहन ने कहा है कि राहुल गांधी सबके दिलों की धड़कन हैं। वह तथा उनके भाई कुलदीप बिश्नोई ने अनेक जिलों में अपने कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई हैं। राम लीला मैदान से जब कोई आवाज उठी है, उसने देश का इतिहास बदला है। राहुल गांधी की जनाक्रोश रैली के माध्यम से केन्द्रीय सरकार तथा हरियाणा सरकार की उलटी गिनती शुरू हो जाएगी। 
 

Deepak Paul