धर्मपत्नी होने के नाते कुलदीप बिश्नोई के हर फैसले में हूं साथ: रेणुका

8/3/2022 8:11:28 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): कुलदीप बिश्नोई द्वारा कांग्रेस छोड़ने के फैसले पर उनका परिवार काफी उत्साहित और आत्मविश्वास से परिपूर्ण दिखा। कुलदीप बिश्नोई ने बुधवार को अपनी धर्म पत्नी रेणुका बिश्नोई की मौजूदगी में विधानसभा अध्यक्ष को अपने पद से इस्तीफा सौंप दिया। उसके बाद रेणुका से हुई बातचीत के दौरान उन्होंने भारी उत्साह दिखाते हुए बिश्नोई के इस फैसले को स्वागत योग्य बताया और कहा कि उनकी अर्धांगिनी होने के नाते उनकी मजबूती के लिए हर संभव प्रयास करूंगी और उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर चुनौती के सामने खड़ी रहूंगी। रेणुका ने कांग्रेस छोड़ने का बिल्कुल दुख ना होने की बात कही। उन्होंने कहा कि कुलदीप जनता के बीच में रहने और जनता की लड़ाई लड़ने वाले नेता हैं। कांग्रेस द्वारा उनके साथ किए गए व्यवहार का  जवाब जनता अवश्य देगी।

 

आदमपुर उपचुनाव में कांग्रेस को एहसास हो जाएगा कि उसने क्या खोया है: दुडा राम

 

कुलदीप बिश्नोई के चचेरे भाई व फतेहाबाद से भाजपा विधायक दुडा राम ने कुलदीप बिश्नोई का भाजपा में स्वागत करते हुए उनके इस फैसले को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि सिरसा, फतेहाबाद व हिसार जिले में भाजपा को कुलदीप के आने से भारी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि  आज कांग्रेस पूरी तरह अहंकार में डूबी हुई है। आदमपुर उपचुनाव में कांग्रेस को अपनी गलतियों का एहसास हो जाएगा। कांग्रेस को पता चल जाएगा कि वह किस स्थिति में आ पहुंची है। दूसरी ओर भाजपा को कुलदीप के आने का भारी लाभ होगा। उन्होंने कुलदीप बिश्नोई के फैसले को बिलकुल सही फैसला बताया।

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan