सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ‘‘हरियाणा 112‘‘ के 59 पुलिस व अन्य कर्मी सम्मानित

4/14/2022 10:51:33 AM

चंडीगढ़(चन्द्रशेखर धरणी): हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, दूरसंचार एवं आईटी, डॉ0 ए.एस चावला ने आज राज्य आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र पंचकूला में आयोजित एक समारोह में ‘हरियाणा 112‘ परियोजना के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 59 पुलिस व अन्य कर्मियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर 112 की समस्त टीम को बधाई देते हुए डॉ0 चावला ने कहा कि आपातकालीन प्रतिक्रिया समर्थन प्रणाली से जुड़े तमाम अधिकारी और कर्मचारी  किसी भी आपात स्थिति में रिस्पांस टाइम में सुधार करते हुए संकट के समय जरूरतमंदों की मदद करने के लिए बहुत ही पेशेवर तरीके से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। यह सम्मान निश्चित रूप से गर्व का क्षण है और पूरी टीम को सेवाओं में और अधिक सुधार करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।


इन्हें मिला सम्मान
दिसंबर 2021 के लिए, सर्वश्रेष्ठ संचार अधिकारी (सीओ) का पुरस्कार अलका और रुचि को प्रदान किया गया, जबकि चेस्ठा को सर्वश्रेष्ठ पर्यवेक्षी संचार अधिकारी (एससीओ) के सम्मान से सम्मानित किया गया। बेस्ट डिस्पैच ऑफिसर (डीओ) का पुरस्कार हेड कांस्टेबल बलदेव को मिला। इसी तरह, अंबाला की ईआरवी नंबर 104, सोनीपत की 658 और करनाल की 410 को सर्वश्रेष्ठ ईआरवी वाहन की श्रेणी में सम्मानित किया गया। जहां भावना और मोनू ने जनवरी 2022 के लिए सर्वश्रेष्ठ सीओ का पुरस्कार जीता, वहीं सुलेखा को सर्वश्रेष्ठ एससीओ, एचसी बलजिंदर सिंह को सर्वश्रेष्ठ डीओ की श्रेणी में पुरस्कार मिला। सर्वश्रेष्ठ ईआरवी वाहन का पुरस्कार फरीदाबाद की ईआरवी नंबर 203 और 196 तथा हिसार की 314 को मिला।

फरवरी 2022 के लिए, सर्वश्रेष्ठ सीओ का पुरस्कार नीतू वर्मा और दिव्या को मिला, जबकि मनीषा को सर्वश्रेष्ठ एससीओ के रूप में चुना गया व एचसी बलजिंदर सिंह को सर्वश्रेष्ठ डीओ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ ईआरवी वाहन का पुरस्कार हिसार की ईआरवी नंबर 325, रोहतक की 596 और दादरी के 156 नंबर को मिला। जहां सरिता और काजल ने मार्च 2022 के महीने के लिए सर्वश्रेष्ठ सीओ पुरस्कार अपने नाम किया वहीं दीपिका को सर्वश्रेष्ठ एससीओ पुरस्कार प्रदान किया गया। एचसी जगदेव सिंह को सर्वश्रेष्ठ डीओ पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि करनाल की ईआरवी नंबर 410, फरीदाबाद की 163 और कैथल की 387 नंबर को सर्वश्रेष्ठ ईआरवी वाहन की श्रेणी में चुना गया।


अमित कुमार, जरनैल सिंह, विक्रम कुमार और कपिल को सर्वश्रेष्ठ डिस्पैच ऑफिसर (फायर) की श्रेणी में सम्मानित किया गया, जबकि प्रशांत नागर, परमिला देवी और अनीता कुमारी की सेवाओं को सर्वश्रेष्ठ डीओ (स्वास्थ्य) के रूप में मान्यता दी गई।

Content Writer

Isha