हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए तैयार किया गया बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर: सीएम मनोहर लाल

8/16/2022 9:42:12 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): मुख्यमंत्री  मनोहरलाल  ने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को विकसित करने के लिए ग्राम स्तर से लेकर राज्य स्तर तक खेलों के लिए बेहतरीन खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। बीते पौने 8 वर्षों में प्रदेश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर हमने लगभग 526 करोड़ रुपये की राशि खर्च की है। बच्चों में खेल संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से प्रदेश में 1100 खेल नर्सरियां खोली जा रही हैं। इससे राज्य के लगभग 25000 नवोदित खिलाड़ी लाभान्वित होंगे। इन नर्सरियों में प्रशिक्षण लेने वाले 8 से 14 वर्ष तक के खिलाड़ियों को 1500 रुपये प्रतिमाह तथा 15 से 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बचपन से ही तराशने की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सोनीपत के राई में खेल यूनिवर्सिटी को विकसित करने का कार्य जारी है।

 

पदक विजेता खिलाड़ियों को सर्वाधिक नकद पुरस्कार राशि

 

उल्लेखनीय है कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पदक विजेता खिलाड़ियों को सर्वाधिक नकद पुरस्कार राशि देता है। प्रदेश में पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार व अन्य सुविधाएं प्रदान करने हेतु 'हरियाणा स्टेट डेवलपमेंट फंड' का गठन किया गया है। खिलाड़ियों को 335 करोड़ रुपये से अधिक के नकद पुरस्कार दिए गए हैं। ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेता को 6 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 4 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेता को 2.5 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार का प्रावधान किया है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने ओलम्पिक व पैरालम्पिक खेलों के लिए क्वालीफाई करते ही खिलाड़ी को तैयारी के लिए 5 लाख रुपये की एडवांस राशि देने की व्यवस्था की है। पैरालंपिक में पदक जीतने वाले तथा ओलम्पिक, एशियन, कॉमनवेल्थ और राष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने वाले पैरा खिलाड़ियों को भी सामान्य खिलाड़ियों के समान नकद पुरस्कार देने का प्रावधान किया गया है। विश्व की 10 सबसे ऊंची पर्वत चोटियों की चढ़ाई करने वाले प्रदेश के पर्वतारोहियों के लिए भी नई नीति लागू की गई है। अब पर्वतारोहियों को 5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और खेल श्रेणी का ग्रेड-सी प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan