रतिया में भाखड़ा नहर बनी ''काल'', 12वीं के छात्र समेत तीन युवक डूबे, किनारे पर मिले मोबाइल-चप्पलें

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 08:04 PM (IST)

फतेहाबाद: हरियाणा के रतिया क्षेत्र में भाखड़ा नहर के पास एक के बाद एक हुए हादसों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यहाँ अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों के नहर के तेज बहाव में डूबने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। लापता युवकों का सुराग लगाने के लिए स्थानीय पुलिस, गोताखोरों और NDRF की टीमें ग्रामीणों के सहयोग से नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

पहली घटना: जिम के लिए निकला 12वीं का छात्र लापता, नहर किनारे मिली स्कूटी
दिल दहला देने वाली पहली घटना गांव बामनवाला की है। यहाँ का रहने वाला 19 वर्षीय अमनदीप सिंह, जो 12वीं कक्षा का छात्र था, शुक्रवार सुबह अपनी स्कूटी पर सवार होकर जिम जाने के लिए रतिया आया था। सुबह करीब 11 बजे वह जिम से घर के लिए निकला, लेकिन वापस नहीं पहुँचा। परिजनों को उसकी चिंता हुई तो तलाश शुरू की गई। बाद में बामनवाला प्लॉट के पास भाखड़ा नहर के किनारे अमनदीप की स्कूटी, उसका मोबाइल फोन और चप्पलें बरामद हुईं, जिससे उसके नहर में डूबने की आशंका गहरा गई है।

दूसरी घटना: कंप्यूटर क्लास के बाद दोस्तों संग नहाने उतरा गगन बहाव में लापता
दूसरा हादसा भी बामनवाला प्लॉट के पास भाखड़ा पुल पर हुआ। भुना के गांव खेड़ा का रहने वाला 18 वर्षीय गगन रतिया में कंप्यूटर सीखने आता था। शुक्रवार को कंप्यूटर क्लास के बाद वह अपने तीन-चार दोस्तों के साथ नहर पर नहाने चला गया। नहाते समय गगन नहर के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में लापता हो गया। उसके दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए।

तीसरी घटना: निकुआना का मंजीत भी तेज करंट में समाया
इसी नहर में एक और युवक के डूबने की खबर से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, गांव निकुआना भूंदड़वास का रहने वाला मंजीत सिंह भी भाखड़ा नहर में नहाने के लिए उतरा था। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और गहरे पानी में डूब गया।

NDRF की टीमें तैनात, अपनों की तलाश में रो रहे परिजन
एक ही दिन में तीन युवकों के लापता होने के बाद भाखड़ा नहर के किनारे भारी भीड़ जमा हो गई है। रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल है। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत NDRF की टीमों को रेस्क्यू ऑपरेशन में उतारा है। गोताखोरों की मदद से नहर के कई किलोमीटर लंबे दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक किसी भी युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static