खूनी खेल: भांभू गैंग ने 23 वर्षीय सचिन को घेरा...पहले कुल्हाड़ी-गंडासों से काटा, फिर ऊपर चढ़ा दी गाड़ी
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 03:37 PM (IST)
फतेहाबाद(रमेश): हरियाणा के फतेहाबाद जिले में कल देर रात बदमाशों ने एक युवक की तेजधार हथियारों से वार कर हत्या कर दी। घटना भूना शहर की है। बाइक पर जा रहे युवक को कुछ लोगों ने घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियारों से कई वार किए। इतना ही नहीं, हमलावरों ने उस पर गाड़ी भी चढ़ा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। DSP नरसिंह और CIA टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या का आरोप विक्रम भांभू गैंग के सदस्यों पर लगा है। बताया जा रहा है कि गैंग को शक था कि युवक उनकी गतिविधियों की मुखबिरी करता था।
मृतक सचिन कुमार (23) भूना के वार्ड नंबर-5 का रहने वाला था। उसके पिता राजबीर सिंह मजदूरी करते हैं। परिवार में दो बेटे और दो बेटी हैं। सचिन चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। सचिन पहले भूना कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रहा था। बाद में उसने पढ़ाई बीच में छोड़ दी। एक महीना पहले गुरुग्राम की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने लगा। 27 मई को वह अपने भतीजे के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर लौटा था। 3 जून को उसे वापस गुरुग्राम जाना था।
सचिन के ताऊ कृष्ण ने बताया कि मंगलवार रात साढ़े 10 बजे सचिन अपने साथी पवन कुमार व रोहित के साथ बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान सात-आठ बाइकों पर आए भांभू गैंग के बदमाशों ने शहीद उधम सिंह चौक के पास से उसका पीछा शुरू कर दिया। बाइक पवन चला रहा था, उसने तेजी से बाइक भगा ली। जैसे ही तीनों अपने आपको बचाते हुए एक गली में निकले तो ब्रेकर पर बाइक धीरे होते ही सचिन कूदकर भागने लगा। आरोपियों ने उसका पीछा करके सचिन को रोक लिया। सचिन को जबरदस्ती उठाकर पटक लिया। इसके बाद पवन व रोहित ने इस बारे में सचिन के परिजनों को सूचना दी।
हिसार रोड पर ले जाकर पिटाई की
इसके बाद हिसार रोड पर ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। हमलावरों ने उसके हाथ-पैर तोड़ दिए और गर्दन व छाती पर तेजधार हथियारों से कई वार किए। आरोप है कि वारदात के बाद बदमाशों ने उसके ऊपर गाड़ी भी चढ़ा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
हिसार जिंदल अस्पताल के गेट पर तोड़ा दम
ताऊ कृष्ण ने बताया है कि उन्होंने सचिन को डायल 112 गाड़ी के पुलिस कर्मचारियों की सहायता से एंबुलेंसमें डालकर भूना सीएचसी पहुंचाया। जहां से उसे डॉक्टर ने अग्रोहा रेफर कर दिया। परिजन उसे हिसार के जिंदल अस्पताल ले गए। मगर गेट पर पहुंचते ही सचिन ने दम तोड़ दिया। पुलिस्य ने हत्या का मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में दीपक उर्फ बिल्ला, सौरभ, प्रवीन उर्फ पिन्नी, कार्तिक उर्फ कारु, अमन, कुशाल, सुरजी, जगजीत उर्फ जज, चिड़ी शामिल हैं।सभी पर बीएनएस की धारा 190, 191(2), 191(3), 140(1), 103(1), 111, 61 (2) के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
भांभू गैंग के सरगना पर भूना में 22 केस
फतेहाबाद के भूना क्षेत्र में कई आपराधिक गैंग सक्रिय हैं। इनमें विक्रम भांभू गैंग भी शामिल है। विक्रम भांभू गांव नाढ़ोडी का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह पहले लॉरेंस गैंग से जुड़े छात्र संगठन सोपू (SOPU) के संपर्क में था। बाद में उसने भूना और आसपास के क्षेत्रों में अपना अलग गैंग खड़ा कर लिया। पुलिस के अनुसार, विक्रम भांभू के खिलाफ अकेले भूना थाने में ही 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट, छीनाझपटी और अन्य गंभीर अपराधों के मामले शामिल हैं। कुछ मामलों में वह गवाहों के अभाव में बरी भी हो चुका है।