21 दिसंबर को हरियाणा में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा, देखें क्या होगा 3 दिन का पूरा रूट

11/30/2022 9:49:57 PM

डेस्क: हरियाणा में 21 दिसंबर को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री होने जा रही है। भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में 3 दिन तक रहेगी। फिरोजपुर झिरका में मुंडका बॉर्डर पर 21 दिसंबर को सुबह 7 बजे यात्रा का स्वागत किया जाएगा। 3 दिन हरियाणा में रहने के बाद 24 दिसंबर की सुबह भारत जोड़ो यात्रा बदरपुर बॉर्डर के जरिए दिल्ली में प्रवेश करेगी। वहीं इसके बाद उत्तर प्रदेश कवर करने के बाद यात्रा दूसरे चरण में एक बार फिर प्रदेश में प्रवेश करेगी। हालांकि दूसरे फेज का रूट अभी तय नहीं किया गया है।

 

 

यात्रा को लेकर प्रदेश कांग्रेस में बैठकों का दौर जारी

 

राहुल गांधी के स्वागत के लिए हरियाणा कांग्रेस में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत तमाम नेताओं की एक बैठक दिल्ली में हुई, जिसमें यात्रा को लेकर रणनीति बनाई गई है। बता दें कि महेंद्रगढ़ से विधायक राव दान सिंह को भारत जोड़ो यात्रा का संयोजक बनाया गया है। वहीं आगामी 5 दिसंबर को चंडीगढ़ में भी एक बैठक होगी, जिसमें सबी विधायक, पूर्व विधायक और पार्टी के तमाम नेता मौजूद रहेंगे।

 

 

यात्रा के पहले दिन जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं राहुल गांधी

 

कन्याकुमारी से कश्मीर के लिए यात्रा लेकर निकले राहुल गांधी 21 दिसंबर को राजस्थान से हरियाणा में प्रवेश करेंगे। सुबह 7 बजे फिरोजपुर झिरका में मुंडका गांव पर सुबह यात्रा का फ्लैग राजस्थान से हरियाणा को सौंपा जाएगा। यहां फ्लैग ऑफ सेरेमनी के बाद भारत जोड़ो यात्रा 16 किलोमीटर चलकर फिरोजपुर झिरका की अनाज मंडी में पहुंचेगी। यहां विश्राम करने के बाद नसीरावास से यात्रा 10 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद बड़खली चौक पर पहुंचेगी। बताया जा रहा है कि यहां राहुल गांधी एक जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं, हालांकि यह अभी तय नहीं हुआ है। 21 दिसंबर को यात्रा का रात्रि ठहराव अकेड़ा गांव में होगा।

 

 

राहुल गांधी के साथ कई किलोमीटर पैदल चलेंगे प्रदेश कांग्रेस के नेता

 

22 दिसंबर को भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा दिन गोहाना बॉर्डर से शुरू होगा। राहुल गांधी के साथ प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता गोहाना बॉर्डर से फिरोजपुर नमक तक 14.4 किलोमीटर की पैदल यात्रा करेंगे। यहां विश्राम करने के बाद शाम को घासेड़ा से यात्रा एक बार फिर से शुरू होगी और 13 किलोमीटर चलने के बाद राहुल गांधी सोहना के अंबेडकर चौक पहुंचेंगे। हरियाणा में दूसरे दिन की यात्रा में रात का ठहराव लुखवास में होगा।

 

 

24 दिसंबर को बदरपुर के जरिए दिल्ली में प्रवेश करेगी यात्रा

 

यात्रा के तीसरे और अंतिम दिन 23 दिसंबर को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत सोहना के वेस्टिन चौक से होगी। यहां से 16 किलोमीटर चलने के बाद यात्रा पाखल पहुंचेगी और यहीं विश्राम होगा। शाम को पाली गांव से यात्रा एक बार फिर चलेगी और 16 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद शाम को बड़खल मोड़ पर पहुंचेगी। यहां भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन का समापन होगा। रात्रि ठहराव के बाद 24 दिसंबर की सुबह यात्रा बदरपुर बॉर्डर से होते हुए दिल्ली में प्रवेश कर जाएगी। बता दें कि दिल्ली और उसके बाद उत्तर प्रदेश कवर करने के बाद भारत जोड़ो यात्रा दूसरे चरण में एक बार फिर हरियाणा में प्रवेश करेगी, हालांकि उसका रूट अभी तय नहीं किया गया है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan