सत्ता में आकर क्षेत्रवाद के अलावा कुछ नहीं किया भूपेंद्र हुड्डा ने, अब कभी नहीं होगी वापसी: दिग्विजय चौटाला

12/7/2023 2:05:33 PM

चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी): जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा है कि कांग्रेस क्षेत्रवाद और भेदभाव की राजनीति करती है जबकि जेजेपी सबको साथ लेकर आगे बढ़ती है और प्रत्येक वर्ग के हित में कार्य कर रही हैं। दिग्विजय ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा क्षेत्रवाद के जनक रहे हैं और यह हम सबने देखा है कि पूर्व कांग्रेस सरकार में कैसे विकास कार्य केवल एक क्षेत्र तक ही सीमित रह जाते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जन भावना से कोई वास्ता नहीं है इसलिए जैसे पूरे देश में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो रहा है, वैसे ही हरियाणा में भी कांग्रेस का सफाया होगा। दिग्विजय ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा ने मुख्यमंत्री रहते हुए सिर्फ क्षेत्रवाद को बढ़ावा दिया और अधिकतर हरियाणा को नज़रअंदाज़ किया जिसे लोग भूले नहीं हैं, इसलिए हरियाणा में उन्हें दोबारा सत्ता कभी नहीं सौंपेंगे। वे बुधवार को डबवाली हलके के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को आठ दिसंबर को डबवाली में सिरसा लोकसभा क्षेत्र की होने वाली जेजेपी की नवसंकल्प रैली का न्यौता दिया।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि आज डबवाली क्षेत्र के लोग जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला और विधायक नैना सिंह चौटाला द्वारा कराए गए विकास कार्यों को याद करते हैं। उन्होंने कहा कि अजय चौटाला और नैना सिंह चौटाला ने अपने कार्यकाल के दौरान डबवाली हलके का समुचित विकास करवाया था और आज डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला क्षेत्र के विकास के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि मौजूदा स्थानीय कांग्रेसी विधायक द्वारा विकास कार्य करवाने तो दूर की बात है, वे तो डबवाली में ही नहीं रहते हैं।

जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि आगामी आठ दिसंबर को डबवाली में जेजेपी की सिरसा लोकसभा क्षेत्र की रैली होगी जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह सहित पार्टी के अनेक नेता संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि जेजेपी की यह रैली ऐतिहासिक होगी। दिग्विजय ने ग्रामीणों को अधिक से अधिक संख्या में इस रैली का हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी की ओर से इस दिन पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. प्रकाश सिंह बादल की प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा।

 

Content Writer

Isha