पूर्व सांसद के पिता स्व:नंद किशोर गोयनका को श्रद्धांजलि देने हिसार पहुंचे भूपेंद्र हुड्डा, कहा- समाजसेवा की मिसाल थे

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 06:21 PM (IST)

हिसार ( विनोद सैनी) : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज हिसार पहुंचे और हरियाणा से पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता स्वर्गीय नंद किशोर गोयनका को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा को नमन किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि नंद किशोर गोयनका बेहद सरल, सौम्य और निस्वार्थ समाजसेवी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित किया और अपने व्यवहार से सभी के दिलों में विशेष स्थान बनाया। हुड्डा ने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज में बहुत कम देखने को मिलते हैं और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उन्हें कई बार नंद किशोर गोयनका से मिलने का अवसर मिला। विशेष रूप से अग्रोहा धाम से जुड़े विभिन्न सामाजिक कार्यों के दौरान भी उनसे कई मुलाकातें हुईं। उन्होंने कहा कि हर मुलाकात में गोयनका जी की समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता, सादगी और विनम्रता साफ दिखाई देती थी। वे एक आदर्श सज्जन व्यक्ति थे और समाज में उनकी बनाई पहचान कभी भुलाई नहीं जा सकती। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। इस दौरान हिसार से सांसद जय प्रकाश, आदमपुर से विधायक चंद्र प्रकाश, नारनौंद से विधायक जेसी पेटवाड़ और नलवा से कांग्रेस नेता अनिल मान सहित कांग्रेस के कई नेता भी मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय नंद किशोर गोयनका को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static