पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा की हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष के मुद्दे पर प्रतिक्रिया, बोले..?

4/14/2022 10:22:56 PM

रोहतक(दीपक): हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम सबसे ऊपर होने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पहली प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने कहा कि यह केवल अखबारों की सुर्खियां हैं और उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में कौन-कौन हैं और उनका नाम कैसे आया इसकी कोई जानकारी नहीं है।

साथ ही कुमारी सेलजा की इस्तीफे की अफवाह फैलाने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ कांग्रेस की तरफ से जारी नोटिस पर भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कोई खास जवाब नहीं दिया, उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई भी नोटिस नहीं देखा है जिसमें कार्यकर्ताओं से जवाब मांगा गया हो। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज रोहतक के डी पार्क स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम में कुश्ती, तीरंदाजी और शूटिंग को हटाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि कुश्ती जैसे गेम हरियाणा की शान रही है और सरकार इन्हें खत्म करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में कॉमनवेल्थ खेलों से कुश्ती शूटिंग और तीरंदाजी को हटाने का पुरजोर विरोध किया जाएगा।

उन्होंने प्रदेश में बढ़ रही पानी की किल्लत को लेकर मौजूदा सरकार को दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री था पूरे प्रदेश में कहीं भी पानी और बिजली की किल्लत नहीं रही, जबकि यह सवाल अब मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से पूछना चाहिए आखिर पानी की किल्लत क्यों हो रही है।


(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)
 

Content Writer

Vivek Rai