व्यापारियों से हुड्डा बोले- सत्ता में आने पर इंस्पैक्टरी राज खत्म करेंगे, सुरक्षा की होगी पूरी गारंट

2/11/2018 11:56:25 AM

दिल्ली(कमल कांसल): पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सत्ता में आने पर सबसे पहले प्रदेश में इंस्पैक्टरी राज खत्म किया जाएगा और व्यापारियों की सुरक्षा की पूरी गारंटी सरकार लेगी। हुड्डा दिल्ली में अपने निवास स्थान पर प्रदेशभर से पहुंचे व्यापारियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इसके साथ ही व्यापारियों की आवाज बुलंद करने के लिए ऐतिहासिक नगरी पानीपत की धरा पर 18 फरवरी को व्यापारी सम्मेलन का एलान किया। हुड्डा ने व्यापारियों का आह्वान किया कि वे हौसला रखें, वह उनके संघर्ष में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े हैं। दिल्ली आवास पर हुई इस व्यापारी प्रतिनिधिमंडल की बैठक की अध्यक्षता देश की प्रसिद्ध उद्यमी एवं पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने की।  

हुड्डा ने कहा कि आढ़ती किसान का ए.टी.एम. होता था लेकिन सरकार ने इनके संबंध भी खराब करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 4 साल में केंद्र सरकार ने तेल का दाम लगातार बढ़ाया है, जबकि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेज की कीमत लगातार कम हुई हैं। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में अकेले तेल से ही केंद्र सरकार ने करीब 3 लाख करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया है।

कम कपड़ा मापते होंगे खट्टर
उन्होंने कपड़ा व्यापारियों की बात उठाते हुए मुख्यमंत्री के जवाब पर कटाक्ष किया कि जब पूर्व में कपड़े पर टैक्स था ही नहीं, तो खट्टर साहब ने पता नहीं कैसे हेराफेरी की। इसे आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि हो सकता है, वह कम कपड़ा मापते रहे होंगे।

व्यापारी बोले, कर दिया कारोबार का बंटाधार
पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर से नई दिल्ली आवास पर आयोजित की गई व्यापारी प्रतिनिधि बैठक में व्यापारियों ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। व्यापारी बोले, इस सरकार से बड़ी उम्मीदें थीं लेकिन इन्होंने कारोबार का बंटाधार कर दिया।