कर्नाटक में कांग्रेस की हार पर हुड्डा बोले- बैलेट पेपर से चुनाव होता तो ठीक रहता

5/15/2018 3:41:29 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज): कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की हार से एवीएम मशीनों पर सवाल उठना लाजमी था। कर्नाटक चुनाव के नतीजों को देखते हुए अन्य पार्टियों ने सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं। रोहतक पहुंचे हुड्डा ने कहा कि एवीएम पर सवाल उठते रहे हैं और चुनाव आयोग इस पर स्पष्टीकरण नहीं दे पाया। अगर चुनाव बैलेट पेपर से होते तो अच्छा होता। ये लोकतंत्र है जो भी नतीजे आए हैं वे उसका सम्मान करते हैं। हुड्डा आज रोहतक स्थित अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। 

साथ ही उन्होंने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते खराब हुए प्रदेश के हालातों को लेकर मुख्यमंत्री मनोहरलाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि तूफान का अलर्ट हो या फिर सफाई के हालत मुख्यमंत्री तो प्रदेश को राम भरोसे छोड़ विदेश यात्रा करने में लगे हुए हैं। प्रदेश के हालात तो ऐसे हैं जैसे रोम जल रहा था और नीरो बांसुरी बजा रहा था।

हुड्डा ने कहा कि खुले में नमाज के मामले में मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया वह गलत है, ये लोग समाज को बांटने में जुटे हुए हैं। किसी भी समस्या के समाधान खोजने की ओर इनका कोई ध्यान नहीं है। अगर नमाज पढ़ने की बात है तो सरकार को व्यवस्था करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान में झाड़ू लेकर फोटो खिंचवाने वाले प्रदेश के नेता अब कहां हैं। जब हर जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। जिनके तो गुमशुदगी के पोस्टर लगने चाहिए। उन्होंने कहा 3 जून से पानीपत के समालखा से फिर से जन क्रांति यात्रा की शुरुआत करेंगे और भाजपा की जनविरोधी नीति को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

Nisha Bhardwaj