अभय चौटाला और मनीष ग्रोवर को एक साथ घुमा दो, जनता सूपड़ा साफ कर देगी: हुड्डा (VIDEO)

12/8/2018 9:53:29 PM

रोहतक(दीपक): पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोई पिस्तौल से किसी को गोली मारने की कहता है और कोई चुनाव में बंदूक व पैसा देने की बात कह रहा है। उन्होंने मंत्री मनीष ग्रोवर को साथ लेते हुए अभय चौटाला पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों को एक गाड़ी में बिठा कर प्रदेश में घुमा दो तो दोनों का सूपड़ा साफ हो जाएगा, प्रदेश की जनता इनको बाहर का रास्ता दिखा देगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को मनीष ग्रोवर के बयान पर संज्ञान लेकर कार्यवाही करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वे विधायक बने सांसद बने लेकिन आज तक चुनाव में इस तरह की भाषा नहीं सुनी कि मंत्री कह रहा है पैसा देंगे बंदूक देंगे, जोकि निंदनीय है। वे इस तरह की भाषा के पक्ष में नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा इस मामले में चुनाव आयोग को संज्ञान में लेते हुए कार्यवाही करनी चाहिए। 

उन्होंने कहा कि हरियाणा की राजनीति में अभय सिंह चौटाला, मनीष ग्रोवर जैसे लोग आ गए हैं, कोई तो कहता है करण दलाल को गोली मार देगा और कोई कहता है बंदूक दूंगा। मेरी इन्हें नसीहत है कि दोनों को एक गाड़ी में बैठा कर पूरे हरियाणा में घुमा दो, लोग दोनों का सूपड़ा साफ कर देंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जिस तरह का माहौल दिख रहा है उससे यह तय हो गया है पांचों नगर निगम चुनावों में भाजपा की हार होगी।

जींद में होने वाली दुष्यंत की रैली पर बोले पार्टी बनाने का सबको अधिकार है। लेकिन चुनाव आते आते इस पार्टी का वजूद खत्म हो जाएगा। पहले हम कहते थे इनेलो भाजपा की बी टीम है। फिर इनके परिवार के सदस्यों ने बता दिया कि इनेलो भाजपा के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा दहाई के अंक का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी। साथ ही रोहतक में जाटों के नाम से भाजपा को वोट ना दिए जाने वाले बैनरों को शरारत बताते हुए कहा कि यह एक साजिश है।

Shivam