भिवानी के पांच क्रेशर संचालकों पर बड़ी कार्रवाई, 50-50 लाख रूपये के नोटिस जारी

11/28/2019 8:30:33 PM

भिवानी(अशोक): हरियाणा स्टेट पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने भिवानी जिले के पांच स्टोन क्रेशर मालिकों को अनियमित्ता पाए जाने पर 50-50 लाख रूपये के कारण बताओ नोटिस जारी किए है। जिन्हें उचित कारण नहीं पाए जाने पर जुर्माना राशि में तबदील कर दिया जाएगा। ये नोटिस हरियाणा स्टेट पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के भिवानी क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा जारी किए गए हैं। 

बता दें कि एनजीटी द्वारा जारी आदेशों की पालना करने के चलते पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने भिवानी जिले के खानक खनन क्षेत्र में स्टोन क्रेशर की जांच का अभियान चलाया था, जिसके बाद पांच स्टोन क्रेशर में खनन संंबंधित गतिविधियां पाई गई। इस पर बोर्ड ने इन स्टोन क्रेशर को 50 लाख रूपये की राशि के कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। अब स्टोन क्रेशर मालिकों को सात दिनों में इसका जवाब देना होगा।

भिवानी पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय अधिकारी दिनेश यादव ने बताया कि एनजीटी के आदेशों की अनुपालना के लिए भिवानी पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों की एक टीम का गठन किया गया था। टीम ने जिले के खनन क्षेत्र खानक गांव में स्टोन क्रेशर में अनियमित्ता पाई। इसीलिए उन्हें पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के सैक्शन-5 व सैक्शन-31ए के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किए है। 

उचित कारण नहीं बताए जाने पर पर्यावरण क्षतिपूर्ति के लिए 50 लाख रूपये का दावा भी कारण बताओ नोटिस में दिया गया है। अगले सात दिनों के दौरान इन स्टोन क्रेशर मालिकों को इसका जवाब देने का समय निर्धारित किया गया हैं। खानक क्षेत्र के स्टोन क्रेशर संचालकों में भारी भरकम जुर्माने के नोटिस के बाद हड़कंप मच गया हैं। अब बोर्ड एनजीटी के निर्देशों पर उनके अगले आदेशों तक स्टोन क्रेशर को बंद रखे जाने को लेकर अपनी कार्रवाई में लगा हुआ है। 

Edited By

vinod kumar