पार्षद प्रत्याशी अमरजीत कौर की हत्या कर शख्स ने खुद को मारी गोली, अलग-अलग चर्चाएं शुरू

1/10/2021 10:49:48 PM

अंबाला (अमन कपूर): आज अंबाला में दिन दिहाड़े एक महिला नेत्री की गोलियां मार कर हत्या कर दी गई। हत्यारे ने महिला को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार कर आत्महत्या कर ली। हत्या किन कारणों से की गई इस बात का अभी कोई भी खुलासा नहीं हो पाया है। बलदेव नगर थाना के एसएचओ हमीर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड के 846 नंबर मकान में गोली कांड हुआ है, जिसके बाद वो मौके पर पहुंचे। 

एसएचओ ने बताया कि मकान में पुष्पा नाम की एक विधवा महिला अकेली रहती है, जिसके घर आज अमरजीत कौर सोढ़ी आई थी। पुलिस के मुताबिक मकान मालकिन पुष्पा ने बताया कि अमरजीत कौर सोढ़ी उसकी जानकार है और आज वो एक्टिवा पर उसके घर आई थी। यहां पर करनाल से अमरजीत कौर सोढ़ी का जानकार ईशम सिंह उससे मिलने आया था। जिसके बाद वो बाहर चली गई और अंदर से गोलियों की आवाज सुनी तो जाकर देखा कि दोनों अमरजीत कौर सोढ़ी और उसके जानकार को गोली लगी हुई है। 

पुलिस ने बताया कि ईशम सिंह के हाथ में रिवॉल्वर थी। जिसके बाद पुलिस ने दोनों के शव को एम्बुलेंस के जरिए अंबाला नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अमरजीत कौर सोढ़ी को मृत घोषित कर दिया और बाद में हत्यारे की भी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि अलग-अलग धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और इस मामले की पूरी जांच की जा रही है।

बता दें कि अंबाला में दिसंबर के महीने में नगर निगम के चुनाव हुए थे, जिसमें हरियाणा जन चेतना पार्टी की टिकट पर अमरजीत कौर सोढ़ी ने वार्ड नंबर 6 से चुनाव लड़ा था। लेकिन अंबाला में एक महिला नेत्री की दिन दिहाड़े हुई इस हत्या की वजह से लोगों में अलग-अलग चर्चाएं होने लगी हैं।

Shivam