अब ‘AAP’ के हुए अशोक तंवर, चार महीने में बदला दल, टीएमसी को कहा बाय-बाय

4/4/2022 7:23:34 PM

दिल्ली(कमल):  हरियाणा की राजनीति  में इन दिनों दल बदल का दौर जारी है। आप पार्टी की पंजाब में हुई जीत का सीधा असर अब हरियाणा में भी देखने को मिल रहा है। कई पूर्व मंत्रियों और विधायकों ने जहां आप में शामिल होकर पार्टी को मजबूत करने का काम किया तो वहीं अब हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सिरसा से सांसद अशोक तंवर ने आप का दामन थामते हुए हरियाणा की राजनीति में बड़ा धमाका किया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने खुद अपने आवास पर अशोक तंवर को पार्टी में शामिल किया। कार्यक्रम में आप के प्रभारी सुशील गुप्ता समेत पार्टी के कई बड़े चेहरे भी मौजूद रहे। अशोक तंवर के साथ ही गुरमेज सिंह ने भी आप पार्टी की सदस्यता लेकर हरियाणा की अन्य पार्टियों की परेशानी बढ़ाने का काम किया है। 

इस संबंध में आप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर औपचारिक रूप से अशोक तंवर को पटका और टोपी पहनाकर पार्टी ज्वाइन करवाई। प्रेस वार्ता के दौरान अशोक तंवर ने अरविंद केजरीवाल की तारीफ में कहा कि भारत का लाल करेगा कमाल, केजरीवाल,केजरीवाल। अशोक तंवर ने इस हरियाणा में दिल्ली मॉडल की तरह काम करेंगे। जो भी काम पार्टी कि ओर से किया जाएगा उसे अपने अनुभव और लग्न के साथ पूरा करेंगे। अशोक तंवर ने कहा कि आप पार्टी में शामिल होने पर उनको व उनके साथियों को गर्व महसूस हो रहा है। इसके लिए वो सभी को बधाई देते हैं। अशोक तंवर ने कहा कि आप छोटे समय में काफी एक्टिव हुई है।

 

 

हालांकि, उन्होंने पत्रकारों से केजरीवाल के आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीएमसी छोड़़ने का कारण बताने की बात कही थी। लेकिन प्रेस वार्ता के दौरान वह इस सवाल से बचते हुए ही नजर आए।

गौरतलब है कि अशोक तंवर ने 4 महीने पहले ही टीएमसी ज्वाइन की थी और उन्हें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। साथ ही उन्हें पार्टी ने गोवा में हुए चुनावों में प्रचार के लिए भी चुना था। ऐसे में अब अशोक तंवर ने टीएमसी को भी अलविदा कह दिया है और आप को मजबूती प्रदान करने का काम किया है। वहीं आने वाले समय में हरियाणा में निकाय चुनाव भी होने हैं जिसमें आप पार्टी की भूमिका अहम रहने वाली है। आप के नेताओं द्वारा दावा किया जा रहा है कि निकाय चुनावों में आप अन्य पार्टियों को मैदान से बाहर करेगी।

 

 

 

 

Content Writer

Vivek Rai