ऐलनाबाद उपचुनाव की बड़ी खबर, कांग्रेस ने पवन बेनीवाल को दिया टिकट

10/7/2021 5:00:10 PM

नई दिल्ली (कमल कांसल): हरियाणा के ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार पवन बेनीवाल को बनाया है। पवन बेनीवाल ने पिछले दिनों ही भाजपा को छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा था। आज वीरवार को कांग्रेस के हाईकमान सोनिया गांधी ने ऐलनाबाद उपचुनाव के लिए पवन बेनीवाल के नाम पर टिकट की मुहर लगा दी है।

किसान आंदोलन के समर्थन में भाजपा छोडऩे वाले पवन बेनीवाल पिछले चुनाव में भाजपा की टिकट से ऐलनाबाद विधानसभा से चुनाव लड़ा था। तब उन्हें अभय चौटाला से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इस सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार रहे भरत बेनीवाल तीसरे स्थान थे। पिछले चुनाव में पवन बेनीवाल के दबदबे को देखते हुए कांग्रेस ने इस बार ऐलनाबाद सीट पर पार्टी में जान फूंकने के लिए पवन पर दांव खेल रही है।

2019 में किसको कितने वोट मिले
गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में ऐलनाबाद सीट पर इनेलो उम्मीदवार अभय सिंह चौटाला को 57055 वोट मिले थे, उनकी जीत का मार्जिन 11922 वोट का रहा। भाजपा के उम्मीदवार पवन बेनीवाल (अब कांग्रेस में ) को 45133 वोट मिले थे। कांग्रेस के भरत सिंह बेनीवाल को 35,383 वोट मिले थे। वहीं जजपा के उम्मीदवार ओपी सिहाग को 6569 वोट व बसपा के रविंदर बालियान को 1947 वोट मिले थे।

पवन को सम्मान के बावजूद भाजपा में महसूस हुई थी घुटन
बेनीवाल विधानसभा तो नहीं पहुंच सके लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा ने अपनी सरकार में पवन बेनीवाल को सम्मान देने के लिए हरियाणा बीज विकास निगम का चेयरमैन बना दिया। इसके बावजूद बेनीवाल ने चुनाव के दौरान चौपटा और ऐलनाबाद के लोगों से जो वायदे किए थे उनके पूरे न होने को मुद्दा बनाया और भाजपा में घुटन महसूस करने लगे। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों को भी बेनीवाल ने किसान विरोधी समझा और किसानों द्वारा लगाए गए पक्के मोर्चे पर बेनीवाल ने भाजपा को अपना त्याग पत्र दे दिया था।

Content Writer

Shivam