हरियाणा में बीजेपी को लगा बड़ा झटका, तीन बड़े नेताओं ने थामा कांग्रेस का दामन

8/8/2022 6:14:11 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): कुलदीप बिश्नोई का साथ पाकर खुशी मना रही भारतीय जनता पार्टी को हरियाणा में एक बड़ा झटका लगा है। बीजेपी का साथ छोड़ने वाले तीन बड़े नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। इनमें छह बार विधायक रहे पूर्व मंत्री प्रोफेसर संपत सिंह, पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा व पूर्व विधायक रामभगत शर्मा ने चंडीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष उदय भान के नेतृत्व में कांग्रेस का दामन थामा है।

 

हुड्डा ने कहा आदमपुर उपचुनाव जरूर जीतेंगे

 

इसी के साथ हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट छोड़कर हिम्मत सिंह और ललित अरोड़ा भी कांग्रेस में शामिल हुए हैं। नेताओं को पार्टी में शामिल करवाने के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा और चौधरी उदय भान ने एक प्रेस वार्ता भी की है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने से पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल हुए हर नेता को उचित मान सम्मान दिया जाएगा। हुड्डा ने कहा कि आज संपत सिंह, राधे श्याम और राम भगत वापस आ गए हैं। यह तैयारी 2024 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर की जा रही है। वहीं आदमपुर उपचुनाव को लेकर हुड्डा ने कहा कि हम प्रदेश में दो बार इलेक्शन जीत चुके हैं और आदमपुर भी कांग्रेस जरूर जीतेंगी।

 

कांग्रेस को दगा देने वाले सामने आ गए, इसलिए की घर वापसी- सिंह

 

2019 में कांग्रेस का साथ छोड़कर तीन साल बाद घर वापसी करने वाले संपत सिंह ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा से उनके संबंध काफी अच्छे हैं। इस मौके पर संपत सिंह ने बिना नाम लिए कुलदीप बिश्नोई पर भी निशाना साधा। सिंह ने कहा कि कुछ लोग लोगों ने पार्टी में रहते हुए कांग्रेस की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अगर कुछ लोग निजी स्वार्थ ना देखते तो आज भूपेंद्र हुड्डा प्रदेश के मुख्यमंत्री होते। उन्होंने कहा कि जैसे ही कांग्रेस के साथ दगा करने वालों का सच सामने आया तो मैंने घर वापसी करने का फैसला लिया। आदमपुर से चुनाव लड़ने को लेकर संपत सिंह ने कहा कि मैंने खुद के लिए और बेटे के लिए टिकट मांगा है। पार्टी जिसे देना चाहिए उसे दे देगी। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan