SHO की गाड़ी ने बाइक सवार को मारी टक्कर, मौत

5/14/2017 10:30:59 AM

कुरुक्षेत्र(रणदीप रोड):थानेसर-पिहोवा मार्ग पर चीका एस.एच.ओ. की गाड़ी की टक्कर से बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने गाड़ी चालक पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि इंदबड़ी निवासी बलदेव (58) पुत्र लाला राम अपनी बाइक नं. एच.आर. 07 एन.-2460 पर जा रहा था।  उसी दौरान पीछे से आ रही चीका एस.एच.ओ. की महिंद्रा बोलैरो ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक चालक बलदेव की मौके पर ही मौत हो गई। 

बताया जाता है कि गाड़ी में मौजूद एस.एच.ओ. ने इस घटना की सूचना एस.एच.ओ. आदर्श थाना प्रभारी को दी। उसके बाद स्थानीय पुलिस ने गाड़ी चालक हैड कांस्टेबल मनोज कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। शव एल.एन.जे.पी. अस्पताल लाया गया जहां मृतक के परिजन भी पहुंच गए।

उन्होंने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। मौके पर मौजूद ए.एस.आई. साहब सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। फिलहाल गाड़ी चालक मनोज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है व जांच की जा रही है। 

ए.एस.आई. ने बताया कि दुर्घटना के बाद गाड़ी में मौजूद एस.एच.ओ. चीका शव को स्वयं लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। इससे पूर्व उन्होंने ही इस दुर्घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मृतक बलदेव के भतीजे सुभाष ने रोषस्वरूप कहा कि उन्हें मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी मिली कि पुलिस की गाड़ी बहुत तेज गति से आ रही थी जिसने उसके चाचा की बाइक को टक्कर मारी। टक्कर से उसके चाचा बाइक से लगभग 10 फुट ऊंचाई से गिरे। सड़क पर गिरते ही उनकी मौत हो गई।