डम्पर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक के खिलाफ मामला दर्ज

4/2/2022 12:50:23 PM

जींद : किशनपुरा गांव टी-प्वाइंट पर तेज रफ्तार एक डम्पर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए तुरंत सिविल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पी.जी.आई. रोहतक रैफर कर दिया, लेकिन वहां युवक की मौत हो गई। बराह कलां गांव के सुरेश ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 38 वर्षीय भतीजा नन्हाराम नई अनाज मंडी में मुनीम की नौकरी करता है। उसको किशनपुरा गांव में अपनी रिश्तेदारी में जाना था। 31 मार्च सुबह वह अपने भतीजे नन्हाराम के साथ बाइक पर किशनपुरा के लिए निकल पड़े।

रोहतक रोड बाईपास पर नन्हाराम ने उसे किशनपुरा टी-प्वाइंट पर छोड़ दिया। जैसे ही नन्हाराम उसे छोड़कर कुछ ही दूर गया था तभी सामने से तेज रफ्तार में एक डम्पर आया और नन्हाराम को सीधी टक्कर मार दी। इससे नन्हाराम सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने भागकर तुरंत नन्हाराम को संभाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पी.जी.आई. रोहतक रैफर कर दिया। वहां पर उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी ए.एस.आई. सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात डम्पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana