भाजपा व इनैलो राजनीति चमकाने के लिए रच रहे नया ड्रामा : तंवर

2/25/2017 3:55:43 PM

बाढड़ा (पंकेस):कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि एस.वाई.एल. के नाम पर सत्तासीन भाजपा व इनैलो दोनों ही दल केवल दिखावा कर रहे हैं और जनता को बहकाने के लिए प्रतिदिन नया ड्रामा रच रहे हैं। युवा व किसान विरोधी सोच वाले इन दलों की असलियत को जनता पहचान चुकी है। यू.पी चुनावों में पी.एम नरेन्द्र मोदी को जनता करारा जवाब देने का मन बना चुकी है। पूर्व सांसद श्रुति चौधरी के अथक प्रयासों से लोकसभा क्षेत्र को एन.सी.आर. में शामिल होने के बाद की मौजूदा सरकार यहां पर एक भी राष्ट्रीय स्तर का प्रोजैक्ट नहीं ला पाई। यह बात उन्होंने हिसार से नारनौल जाते समय कस्बे में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं के समक्ष कही।

 

उन्होंने कहा कि युवा हितैषी होने का दम भरने वाली भाजपा सरकार के अढ़ाई साल के कार्यकाल में नए आवेदकों को रोजगार देना तो दूर बल्कि एक लाख से ज्यादा युवाओं को बेरोजगार जरुर बना दिया है। नोटबंदी के कारण आज गरीब परिवारों के सामने पेट भरने का संकट आ गया है। पिछले वर्ष ओलावृष्टि के समय कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी  के साथ उन्होंने सोनिया गांधी  के साथ इस क्षेत्र के किसानों की आवाज को दिल्ली में उठाया तो सरकार को झुकना पड़ा और उनको नुक्सान  का मुआवजा मिल पाया। उन्होंने कहा कि गुजरात को रोल मॉडल मानने वाले पी.एम. मोदी के राज्य में आज भी बिजली पानी व सड़कों की सुविधा नाममात्र है वहीं पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बंसीलाल ने यह सुविधाएं सत्तर के दशक में ही लागू कर दी थी और एस.वाई.एल. के पानी के लिए भी उन्होंने प्रयास किए।