बैठक में फैसला: 3 नगर निगम मेयर का चुनाव भाजपा लड़ेगी, जेजेपी इस सीट पर उतारेगी अपना प्रत्याशी

12/10/2020 9:48:29 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों के लेकर वीरवार को भाजपा और जेजेपी की तालमेल कमेटी की बैठक रोहतक में हुई। इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने की। इस बैठक में पंचकूला, अंबाला, सोनीपत नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद, धारूहेड़ा सांपला और उकलाना नगर पालिका की सीटों पर तालमेल पर चर्चा की गई। 



बैठक में फैसला हुआ कि तीन नगर निगम पंचकूला, अंबाला और सोनीपत के मेयर का चुनाव भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी लड़ेगा। रेवाड़ी नगर परिषद के चेयरमैन पद के लिए भारतीय जनता पार्टी अपना प्रत्याशी उतारेगी, उकलाना नगर पालिका के चेयरमैन के पद पर जेजेपी अपना प्रत्याशी उतारेगी। वहीं सांपला नगर पालिका के चेयरमैन का चुनाव भाजपा का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा।



इसके साथ धारूहेड़ा नगरपालिका चेयरमैन पद पर दोनों पार्टियों ने अपना दावा जताया तो तालमेल कमेटी ने इसका फैसला स्थानीय इकाइयों पर छोड़ दिया। इस तालमेल बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, जजपा प्रदेश सरदार निशान सिंह के अलावा भाजपा संगठन मंत्री रविंद्र, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, जजपा वरिष्ठ नेता केसी बांगड़, विधायक देवेंद्र बबली, जजपा नेता राजेंद्र लितानी, बलवान सुहाग, जजपा स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रोहित मुख्य रूप से उपस्थित थे।



सभी पार्षद सीटों का फैसला स्थानीय इकाइयां करेंगी 
पंचकूला, अम्बाला, सोनीपत नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद और उकलाना, सांपला व धारूहेड़ा नगरपालिका के पार्षद की सीटों पर तालमेल का फैसला दोनों दलों की स्थानीय इकाइयों पर छोड़ दिया। वहीं इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कमेटी की बैठक में उपस्थित जजपा प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह को उनके जन्मदिन पर बधाई और उनको मिठाई खिलाई।

vinod kumar