पूरे हरियाणा में भाजपा ने निकाली बाईक रैली, कार्यकर्ताओं को किया जा रहा मजबूत (VIDEO)

3/2/2019 2:11:14 PM

ब्यूरो: पूरे हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनावों को लेकर तैयारियों में पूरे जोर-शोर से जुटी हुई। अपनी साख और मजबूत बनाने के लिए तरह-तरह के कार्यक्रम पार्टी द्वारा आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज पूरे प्रदेश में बाईक रैली निकाली जा रही है, जिसमें भाजपा के नेता, मंत्री, कार्यकर्ता के साथ यहां तक कि खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी इस विजय संकल्प रैली में हिस्सा लेकर कार्यकर्ताओं को मजबूत कर रहे हैं।

करनाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विजय संकल्प बाइक रैली में हिस्सा लिया। यहां वे बुलेट पर सवार होकर बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ रवाना हुए। उनके साथ करनाल से सांसद अश्वनी चोपड़ा की धर्म पत्नी किरण चोपड़ा भी मौजूद रहीं। यह बाइक रैली शहर के विभिन जगहों से होते ही नेहरू पैलेस में सम्पन होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर ने बाइक रैली से पहले दो आजाद पार्षदों को बीजेपी में शामिल किया।  



फतेहाबाद के टोहाना में विजय संकल्प रैली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला पहुंचे। कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाते हुए सुभाष बराला ने इसमें शिरकत की। रैली में टोहाना विधानसभा की सभी गांव व शहर से भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली में भागेदारी करते हुए सुभाष बराला ने कहा कि संगठन को मजबूत करते हुए इस तरह का आयोजन प्रदेश व देश स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी जगह पर भाजपा विधायक व सांसद इसमें भागीदारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा के कार्यकर्ता उत्साह में हैं।

गुरुग्राम में भी विजय संकल्प बाइक रैली को निकाला गया। गुरुग्राम की सभी विधानसभाओं में इस रैली में सैंकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं डूंडाहेडा गांव से कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने बादशाहपुर विधानसभा की विजय संकल्प बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी इस रैली में बाइक पर सवार हो शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक हैं, इसके लिए भी बीजेपी पूरी तरह तैयार हैं। बीजेपी के विकास कार्य बोलते हैं। हमे लोगों के बीच जाकर बताने की जरुरत नहीं है।



इन्द्री में बाइक रैली को मंत्री कर्ण देव काम्बोज ने रेस्ट हाउस से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस रैली में उनके साथ हजारों की संख्या में बाइक सवार थे। इस बाइक रैली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी जोश है। यह बाइक रैली इंद्री विधान सभा के सभी गाव में निकाली गई।

यमुनानगर में भाजपा की बाइक रैली शुरू हुई। जिसमें भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इसी तरह की रैलियां यमुनानगर जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों से शुरू की गई हैं, जिसमें भाजपा के सभी चारों विधायक हिस्सा ले रहे हैं। यह बाइक रैलियां शहर के अलग-अलग इलाकों से होती हुई चौराहों में निकाली जा रही हैं, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं को आने वाले चुनावों के लिए तैयार रहने के लिए कहा जा रहा है।



फरीदाबाद में सेक्टर 2 भाजपा कार्यालय पर हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। यहां विधायक मूलचंद शर्मा कहा कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं है विपक्ष देश में शहीदों के नाम पर राजनीति कर अपनी रोटियां सेक रहा है। विधायक ने कहा कि राजनीति से देश के शहीदों को ना जोड़ा जाए विधायक ने कहा कि चुनाव आने वाले हैं और उसके लिए विजय संकल्प यात्रा सभी विधानसभाओं में निकाली जा रही हैं। 

Shivam