भाजपा-कांग्रेस रखना चाहती है प्रदेश को SYL के पानी से वंचित:अभय

1/19/2017 9:21:00 AM

कुरुक्षेत्र:भाजपा व कांग्रेस सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हरियाणा की जनता को एस.वाई.एल. के पानी से वंचित रखना चाहते हैं लेकिन इनैलो दोनों पार्टियों के षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगी और 23 फरवरी को कार्यकर्त्ता हरियाणा-पंजाब की सीमा पर स्थित इस्माईलपुर गांव पहुंचकर एस.वाई.एल. की खुदाई करके पानी हरियाणा में लाएंगे। यह दावा नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने जाट धर्मशाला में इनैलो कार्यकर्त्ताओं के जिला स्तरीय सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए किया। उन्होंने कहा कि 1 से 10 फरवरी तक इनैलो कार्यकर्त्ता गांव-गांव जाकर जन जागरण अभियान चलाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को नहर खोदने के लिए ले जाया जा सके। अभियान के लिए 90 हलकों में इनैलो नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों से एस.वाई.एल. का पानी हरियाणा में लाने के लिए प्रस्ताव पारित करवाकर प्रधानमंत्री को सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि इनैलो ने प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा है। 
हरियाणा बनाने का विरोध किया था।

 

अभय, अशोक, कश्यप तथा संधू ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने हमेशा हरियाणा के गठन का विरोध किया था। वर्ष 1965 में तत्कालीन जनसंघ के विधायकों ने जहां हरियाणा गठन का विरोध किया, वहीं कांग्रेस के तत्कालीन राज्यसभा सांसद बंसीलाल ने भी तत्कालीन लोकसभा स्पीकर हुकम सिंह की अध्यक्षता में गठित कमेटी के सदस्य के रूप में कहा था कि हरियाणा बनाने की जरूरत नहीं है और यह बात रिकार्ड पर है। कार्यकर्त्ता सम्मेलन में अरोड़ा द्वारा प्रस्तुत हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज करने की मांग का प्रस्ताव तथा 23 फरवरी को एस.वाई.एल. खोदने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। अरोड़ा ने कहा कि राष्ट्रपिता गांधी का अपमान पूरे राष्ट्र का अपमान है।