भाजपा-कांग्रेस का सफाया रहा ‘आप’ का इतिहास: जयहिंद

3/29/2018 11:01:48 AM

रोहतक(ब्यूरो): आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर पर पलटवार करते हुए कहा कि राजनीतिक इतिहास गवाह है कि आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस व भाजपा का सुपड़ा साफ किया है। वह बुधवार को रोहतक में कांग्रेस अध्यक्ष तंवर द्वारा आम आदमी पार्टी तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विरुद्ध बयान दिए जाने पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।

जयहिंद ने कहा कि आम आदमी पार्टी का यह इतिहास रहा है कि दिल्ली में कांग्रेस तथा भाजपा का सुपड़ा साफ किया है। हरियाणा में आज कांग्रेस पार्टी राजनीतिक रूप से खत्म हो चुकी है। तंवर ने जो साइकिल यात्रा शुरू की थी, उसे किसी भी विधायक का सहयोग नहीं मिला। तंवर की साइकिल पंक्चर हो चुकी है। उधर, भूपेंद्र हुड्डा रोजाना तंवर को कुर्सी से हटाने के लिए सक्रियता दिखा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में तेजी से आगे बढ़ रही है और कार्यकर्ताओं के बल पर आज ‘आप’ प्रदेश में राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित हो चुकी है जिससे अशोक तंवर बुरी तरह से बौखला चुके हैं। जयहिंद ने तंवर को कहा कि वह अपनी साइकिल पंक्चर लगवा लें तथा हुड्डा रूपी अपनी राह के रोड़े को हटाने का काम करें।

Punjab Kesari