भाजपा ने किया युवाओं से धोखा: अभय चौटाला

9/20/2018 11:11:26 AM

जींद(ब्यूरो): हरियाणा में प्रतिपक्ष नेता व इनैलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने जींद की धरा को पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल की कर्मभूमि बताते हुए लोगों से 25 सितम्बर को गोहाना में होने वाली सम्मान रैली में पहुंचने का न्यौता देने के साथ-साथ भाजपा सरकार को जनविरोधी करार देते हुए उखाड़ फैंकने का आह्वान किया।  

इनेलो विधायक अभय चौटाला ने कहा कि सत्ता में आने से पूर्व भाजपा सरकार ने युवाओं को बड़े स्तर पर नौकरी देने का वायदा किया था। सरकार के इस झूठ को देखते हुए आज युवा उनको कोसने पर मजबूर है। युवाओं के हितों पर सरकार ने जो कुठाराघात किया है, उसका हिसाब-किताब आने वाले समय में इनेलो-बसपा गठबंधन के कार्यकत्र्ता बखूबी से लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में व्यवस्था चरमरा गई है। बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं है। हत्या, लूटमारी, डकैती, अपहरण जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। कोई दिन ऐसा नहीं जाता, जब बच्चियों के साथ रेप की घटनाएं न घटती हों। अभय चौटाला ने लगभग एक दर्जन गांवों का तूफानी दौरा करने के दौरान कहा कि पूर्व सी.एम. ओमप्रकाश चौटाला ने पिछले 10 सालों से उनके अजीज मित्र डा. हरिचंद मिड्ढा की जींद में अहम जिम्मेदारी लगाई हुई थी।

 इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता चौ. ओमप्रकाश चौटाला और अजय सिंह चौटाला को कांग्रेस द्वारा एक षड्यंत्र के मार्फत झूठे आरोपों में जेल भिजवाने के खेल को भूल नहीं पाई हैं। जिन कांग्रेसियों ने यह षड्यंत्र रचा, उनको भी जेल की हवा खानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि इनैलो की सरकार लाने के लिए गोहाना की रैली में बढ़-चढ़कर भाग लें, ताकि जनविरोधी भाजपा को चलता करने का काम किया जा सकें। 

Deepak Paul