सत्तावादी राजनीति कर रही भाजपा : कासनी(Video)

7/13/2018 11:04:26 AM

रोहतक : पूर्व आई.ए.एस. व हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए प्रदीप कासनी ने कहा कि भाजपा सरकार सत्तावादी राजनीति कर रही है। आज प्रदेश का ही नहीं, बल्कि पूरे देश का हर वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है। भाजपा नेता असली मुद्दों से भटका कर लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है। प्रदीप कासनी वीरवार को एम.डी.यू. में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से कर्मचारी ही नहीं, बल्कि हर वर्ग सड़कों पर उतरा हुआ है। किसान से लेकर सरकारी कर्मचारी, हर कोई परेशान है। बेरोजगारी की समस्या को भाजपा सरकार ने हल करने की बजाय उसे और बढ़ा दिया है। हुड्डा राज में जो लोग पक्के हुए थे, उन्हें हटाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। 

वर्तमान की बात करें तो पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल बना हुआ है। मुख्यमंत्री सरकारी खजाने को आर.एस.एस व भाजपा कार्यकर्ताओं पर लुटा रही है। कभी गाय, कभी गीता के नाम पर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाई कमान ने उन्हें रोहतक लोकसभा प्रभारी नियुक्त किया है। इसी कड़ी में वह पिछले कई दिनों से रोहतक लोकसभा क्षेत्र में है और लोगों से बात कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के बारे में लोगों की राय ली जा रही है और एक रिपोर्ट तैयार कर हाई कमान को भेजी जाएगी।
 
 

Rakhi Yadav