भाजपा ने 5 साल तक जनता को बनाया बेवकूफ : भूपेंद्र हुड्डा

12/13/2019 10:22:50 AM

रेवाड़ी (वधवा) : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बृहस्पतिवार को बावल जाते समय दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित धारूहेड़ा के बस स्टैंड के निकट कांग्रेसी नेता महाबीर यादव मसानी के नेतृत्व में कार्यकत्र्ताओं ने स्वागत किया। इस मौके पर हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने पिछले 5 सालों में कुछ नहीं किया,केवल जनता को बेवकूफ बनाया। चुनाव के बाद जनादेश नहीं होने के बावजूद भाजपा ने प्रदेश में लडख़ड़ाती सरकार बनाई है। इस तरह की सरकार ज्यादा दिन नहीं चलती। 

जनता ने भाजपा के खिलाफ वोट किया है। यही कारण है कि भाजपा के नेता हार का मंथन करने में अभी तक लगे हैं। इस मौके पर पूर्व सी.एम. के साथ दिल्ली विधानसभा के पूर्व स्पीकर योगानंद शास्त्री भी थे। हुड्डा ने जजपा-भाजपा के गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि गठबंधन सरकार को 2 माह बीतने को है लेकिन जनता के हित में अब तक एक भी फैसला नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि आज प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। प्याज खाकर नहीं, बल्कि दाम सुनकर ही आंसू आ जाते हैं।

Isha