राहुल के हरियाणा आने की आहट से भाजपा सरकार बौखलाई : शैलजा

10/3/2020 8:28:37 AM

चंडीगढ़ (बंसल) : हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कु. शैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार के कृषि विरोधी कानूनों के खिलाफ किसानों को अपना समर्थन देने के लिए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी 5 अक्तूबर से हरियाणा का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के आने की आहट से ही भाजपा सरकार बौखला गई है। हर मोर्चे पर विफल साबित हो चुकी इस सरकार को अब राहुल गांधी के आने का डर और खौफ सता रहा है।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के दौरे की रूपरेखा बनाने के लिए 3 अक्तूबर को दोपहर 3 बजे नई दिल्ली स्थित गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर हरियाणा कांग्रेस की बैठक बुलाई गई। बैठक में पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक व वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों में खुद इतनी हिम्मत नहीं है कि वह प्रदेश के लोगों के बीच जाकर अपनी बात रख सकें, किस तरह से बरौदा में जनता द्वारा हरियाणा सरकार के एक मंत्री का घेराव किया गया और उनसे जवाब मांगे गए, लेकिन उनके पास जवाब नहीं थे। अब यह लोग राहुल गांधी के दौरे से बौखलाए हुए हैं।

शैलजा महेंद्रगढ़ में किसान-मजदूर बचाओ दिवस पर आयोजित ट्रैक्टर रैली और धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस द्वारा पूरे हरियाणा प्रदेश में जगह-जगह भाजपा सरकार के कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए थे, जिनमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Manisha rana