''ऑपरेशन दुर्गा'' पर अशोक तंवर ने बीजेपी सरकार को कहा नकलची

4/14/2017 5:46:36 PM

फरीदाबाद (अनिल राठी):प्रदेश की बीजेपी सरकार नकलची सरकार है। कभी यह गुजरात मॉडल को लेकर आते हैं। कभी मध्य प्रदेश तो कभी पंचायतों में राजस्थान मॉडल लेकर आती है अब उत्तर प्रदेश के ऑपरेशन रोमियो को देखते हुए ऑपरेशन दुर्गा लेकर सामने आए है। ये कहना है कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर का। अशोक तंवर फरीदाबाद में आयोजित भीमराव अम्बेडकर के जन्मदिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने फरीदाबाद पहुंचे थे। 

तंवर का कहना है कि जहां पहले ही स्वास्थ्य मंत्री कह चुके हो कि गेंहू के साथ घुन भी पिस जाता है उसमें किस कदर आम लोग परेशान होंगे आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है। अशोक तंवर के मुताबिक अगर महिलाओं को सुरक्षा देने की बात है तो वह प्राथमिकता में है, परन्तु इसकी आड़ में आम लोग परेशान नहीं होने चाहिए। इसमें गुंडागर्दी नहीं होनी चाहिए। चाहे वह पुलिस की हो चाहे RSS और BJP के गुंडों की।

अशोक तंवर के मुताबिक पिछले एक दशक में दलितों के ऊपर अन्याय और अत्याचार की बहुत घटनाएं हुई है। उनके मुताबिक ऐसे मामलों में दोषी हमेशा बचकर निकलते रहे हैं। इससे सरकारों की संवेदनहीनता दिखाई देती है। उनके मुताबिक केवल एक दिन बाबा साहब को श्रृद्धांजलि देने से कुछ नहीं होगा। बाबा साहब ने दलितों को संविधान में जो अधिकार दिए हैं उन्हें पूरा करना सरकारों की जिम्मेदारी है। 

हुड्डा और विधायक ललित नागर पर चल रही कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं में दुर्भावना का ये भाव सत्ता में आने से पहले भी दिखता था और सरकार आने के बाद वह सही साबित हो रहा है। उनके मुताविक बीजेपी सरकार राजनीतिक प्रतिशोध के माध्यम से कार्रवाई कर रहे हैं। उनके मुताबिक प्रदेश में कांग्रेस विपक्ष की भूमिका में है, उसी बात को लेकर भारतीय जनता पार्टी ढकोसला कर रही है और कांग्रेसी नेताओं पर फर्जी केस बनाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे किसी भी षड्यंत्र में अपने किसी साथी को फंसाए जाने के खिलाफ है और अपने साथियों के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।