''भाखड़ा में पंचर कर हरियाणा को बंजर बना रही BJP सरकार'', फतेहाबाद में प्रो. संपत सिंह का बड़ा हमला
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 05:05 PM (IST)
फतेहाबाद (रमेश कुमार) : इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक एवं हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री प्रो. संपत सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार बार-बार भाखड़ा कमांड से यमुना कमांड एरिया को पानी देने के लिए भाखड़ा में जगह-जगह पंचर कर रही है। पहले धमतान डिस्ट्रीब्यूटरी और सिवानी फीडर को यमुना का पानी मिलता था, लेकिन सरकार ने इन्हें भाखड़ा प्रणाली से जोड़ दिया।
इस मनमाने फैसले से भाखड़ा कमांड का 240 क्यूसेक पानी कम हो गया है। जगह-जगह पंचर करके यमुना कमांड एरिया में पेयजल सप्लाई दी जा रही है। उन्होंने आगाह किया कि यदि इसी तरह पानी काटा गया, तो भाखड़ा का पूरा एरिया बंजर बन जाएगा, जिससे फतेहाबाद, सिरसा, नलवा, हिसार शहर और आदमपुर में पानी का गहरा संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों के हक का पानी मारा गया, तो इनेलो चुप नहीं बैठेगी।
पूर्व वित्तमंत्री प्रो. संपत सिंह ने कहा कि पंजाब क्षेत्र में भाखड़ा मुख्य नहर की बुर्जी नंबर 445 से 466 तक मरम्मत और किनारों को ऊंचा करके 450 क्यूसेक अतिरिक्त पानी बढ़ाया जा सकता है। इसके तहत नहर के किनारों की ऊंचाई 18 फुट से बढ़ाकर 19.4 फुट की जानी थी। हरियाणा सरकार ने इसके लिए 21 जनवरी 2015 को ही 372.11 लाख रुपये पंजाब सरकार के खाते में जमा करवा दिए थे।
पंजाब इस पर काम कर ही रहा था कि राजस्थान की तत्कालीन भाजपा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को पत्र लिखकर आपत्ति जता दी कि इससे हरियाणा, राजस्थान के हिस्से का पानी ले लेगा। प्रो. संपत सिंह ने साफ किया कि हरियाणा अपने अधिकार का पानी ले रहा था, न कि राजस्थान का।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को अपनी ही पार्टी की राजस्थान सरकार से बात करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने कोई प्रयास नहीं किया। मुख्यमंत्रियों की इस नाकामी के कारण यह बेहद जरूरी परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी।
इनेलो नेता ने तकनीकी पक्ष रखते हुए कहा कि बरवाला लिंक की डिजाइन क्षमता 1750 क्यूसेक है। यदि 450 क्यूसेक पानी मिलता है, तो बरवाला लिंक इसे वहन करने में पूरी तरह सक्षम है, जिससे सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, नलवा और आदमपुर को नियमित पानी मिल सकता है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)