बीजेपी सरकार लोकतंत्र का दमन कर शासन चलाना चाहती है: अनुराग ढांडा

2/9/2023 6:06:10 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): भारतीय जनता पार्टी का लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास नहीं है। पूरे प्रदेश के 2 निगमों समेत 10 निकायों को चुनाव का इंतजार है। बीजेपी सरकार लोकतंत्र का दमन कर शासन चलाना चाहती है। ये बात आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कही। उन्होंने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से खट्टर सरकार पर निशाना साधा।

वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पहले तो पंचायत चुनावों में देरी की। वहीं अब प्रदेश के निगम और निकाय हाउस न होने से अफसरों के हवाले चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद और गुरुग्राम निगम और सिरसा, थानेसर, अंबाला नगर परिषद और 5 नगर पालिकाओं के चुनाव लंबित हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव नहीं होने शहरों की हालत बद से बदतर होती जा रही है। एक तरफ बीजेपी सरकार प्रदेश में स्मार्ट सिटी बनाने के बड़े बड़े दावे कर रही है, वहीं कई निकाय चुनाव तो ढाई साल से लंबित हैं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सभी चुनावों में अपने उम्मीदवार खड़े करेगी, लेकिन खट्टर सरकार चुनाव करवाने की हिम्मत तो करे। एक तरफ चुनाव आयोग चुनाव के लिए तैयार है, वहीं सरकार की ढाई साल से वार्ड बंदी लंबित है। जनता को बीजेपी की सच्चाई पता चल रही है। 2024 में जनता खट्टर सरकार को सबक सिखाने का काम करेगी। 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  

Content Editor

Ajay Kumar Sharma